मुंबई में भारी बारिश, अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में पानी भरा:लोकल ट्रेनें भी प्रभावित, हजारों लोग फंसे; पुणे में बादल फटा, घरों में पानी भरा
मुंबई में सोमवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। हाल ही में शुरू हुए वर्ली अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में पानी भर गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 1 मई को ही इसका उद्घाटन किया था।
इधर घने बादलों की वजह से विजिबिलिटी लो है। इस वजह से 8 फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। सड़कों पर भी लोग गाड़ियों की लाइट ऑन करके ड्राइव कर रहे हैं।
बारिश के साथ मुंबई में 70 से 80 किमी की रफ्तार से हवा चली, जिससे कई इलाकों में पेड़ गिर गए हैं। बारिश के बाद कई जगह 7-8 किमी लंबा जाम लगा हुआ है। हार्बर, सेंट्रल लाइन पर लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। हजारों लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
इधर पुणे में रविवार की तेज बारिश की वजह से नदी-नाले अचानक उफान पर आ गए। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फटने से पुणे के बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।
बारिश के बाद यहां सड़कें पानी में डूब गईं। करीब 200 घरों में पानी भर गया और कई गाड़ियां बह गईं। NDRF की 2 टीमें रेस्क्यू के लिए तैनात की गई हैं।
मुंबई और पुणे में बारिश की 7 तस्वीरें...








IMD का अलर्ट- मुंबई में दिन भर बारिश जारी रहेगी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया, 'मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में दिन भर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।' मुंबई के सांताक्रूज के सुपारी टैंक और नारियल वाड़ी में सबसे ज्यादा 25 मिमी, पाली हिल में 24 मिमी, विले पार्ले और अंधेरी फायर स्टेशन ने 15 मिमी और 14 मिमी बारिश दर्ज की।
चकल नगर निगम विद्यालय और मालवणी फायर स्टेशन में 14 मिमी और 12 मिमी बारिश हुई, जबकि वर्सोवा पंपिंग स्टेशन पर 11 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। चेंबूर की कलेक्टर कॉलोनी में 13 मिमी जबकि चेंबूर फायर स्टेशन में 9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

केरल में भारी बारिश, 9 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
केरल में भारी बारिश जारी है। त्रिशूर में चलती ट्रेन पर पेड़ गिर गया। कोझिकोड में स्कूटर चलाते समय एक व्यक्ति पर पेड़ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। कोडंचेरी में भाई-बहनों की करंट लगने से मौत हो गई। राज्य के 9 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद हैं।
उत्तरी पलक्कड़ जिले में 40 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 4 पूरी तरह से तहस-नहस हो गए। वायनाड के पदिनजरथरा में कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। NDRF की 28 सदस्यीय टीम वायनाड पहुंची है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक ट्रफ की वजह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। इस वजह से आने वाले 4 दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट है।
देश के 9 राज्यों में मानसून पहुंचा
देश के 9 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। 24 मई को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी को कवर करने बाद मानसून ने 25 मई को पूरा गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से समेत मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड कवर कर लिया है।
रविवार को महाराष्ट्र में 35 साल बाद तय समय से पहले मानसून पहुंचा। राज्य में मानसून अमूमन 5 जून के आसपास एंट्री करता था। इस बार 10 दिन पहले पहुंचा। इसके पहले 1990 में 20 मई को पहुंचा था।

भारत फोरकास्ट सिस्टम लॉन्च
भारत सरकार आज एडवांस भारत फोरकास्ट सिस्टम (BFS) लॉन्च किया। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इसे देश को सौंपा। यह सिस्टम आपदा प्रबंधन, खेती, जल प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा में पंचायत स्तर तक मदद करेगा।
BFS सिस्टम मौसम के बारे में पहले से कहीं ज्यादा सटीक और छोटी से छोटी जानकारी देगा। पुणे के इंडियन इंडियन इंस्टीट्यूट और ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजिकल (IITM) ने इसे तैयार किया है।
BFS सिस्टम 6 KM के रेजोल्यूशन पर मौसम का अनुमान लगाएगा, जो दुनिया में सबसे बेहतर है। इससे छोटी-छोटी मौसम घटनाओं जैसे बारिश, तूफान का पहले से ज्यादा सटीक पता लगाया जा सकेगा। मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंस के सेक्रेटरी एम रविचंद्रन ने बताया कि अब मौसम का पूर्वानुमान पहले से ज्यादा स्थानीय और सटीक होगा।
उन्होंने बताया कि पहले सुपरकम्प्यूटर प्रत्यूष का उपयोग किया जा रहा था, लेकिन अब नए सुपरकम्प्यूटर अर्का का उपयोग किया जाएगा। प्रत्यूष को मौसम मॉडल चलाने में 10 घंटे लगते थे, वहीं अर्का सिर्फ 4 घंटे में काम पूरा कर देता है। यह सिस्टम 40 डॉपलर रडार से डेटा लेता है और भविष्य में 100 रडार के साथ और बेहतर होगा। इससे 2 घंटे के स्थानीय पूर्वानुमान संभव होंगे।

0 comments