हरियाणा: गृह मंत्री अनिल विज के भाई ने DIG अशोक कुमार पर लगाया मारपीट और धमकी देने का आरोप, दर्ज कराया केस
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज के भाई कपिल विज के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में हरियाणा पुलिस के डीआईजी (सतर्कता) अशोक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अशोक कुमार के खिलाफ कपिल विज पर हमला करने, धमकी देने और अश्लील हरकत के आरोपों में मामला दर्ज किया है। अशोक कुमार के खिलाफ अंबाला के सदर पुलिस थाना में धारा 323, 294,506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मंत्री के भाई की शिकायत के अनुसार, पुलिस ने सोमवार को बताया कि कपिल विज रविवार दोपहर अपने दोस्त के पोते की जन्मदिन पार्टी में शरीक होने अंबाला छावनी के सरहिंद क्लब गए थे, जहां डीआईजी भी मौजूद थे। इस दौरान किसी मुद्दे को लेकर कपिल विज और डीआईजी के बीच तीखी बहस हो गई। कुछ लोगों के हस्तक्षेप से मामला सुलझा लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद अंबाला के एसपी हामिद अख्तर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रविवार रात करीब दस बजे अंबाला सदर थाना पहुंचे और डीआईजी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया। इससे पहले, कुमार अंबाला के एसपी और रेलवे के एसपी रह चुके हैं।
अंबाला सदर थाने के एसएचओ विनय कुमार ने सोमवार को कहा कि रविवार शाम उन्हें शिकायत मिली थी। एसएचओ ने कहा, पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब तक, डीआईजी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। (इंपुट: भाषा के साथ)

0 comments