हापुड़ मॉब लिंचिंग मामले की सुनवाई उत्तर प्रदेश से बाहर करवाने की सुप्रीम कोर्ट से गुहार
उत्तर प्रदेश का हापुड़ लिंचिंग मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट में पीड़ित समीउद्दीन ने एक अर्ज़ी दाखिल कर आरोपियों की ज़मानत रद्द करने तथा लिंचिंग केस का ट्रायल उत्तर प्रदेश से बाहर करवाने की मांग की है। समीउद्दीन की अर्ज़ी पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
याचिकाकर्ता की मांग है कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन होना चाहिए और इस मामले की सुनवाई यूपी से बाहर होनी चाहिए।
हापुड़ में भीड़ के हमले से घायल गवाह समीउद्दीन ने अपनी अर्ज़ी में मांग की है कि इस मामले में दो आरोपियों को दी गई जमानत रद्द की जाए। याचिकाकर्ता ने कहा कि लोकल पुलिस सुप्रीम कोर्ट द्वारा भीड़ द्वारा हिंसा के मामले में जारी दिशा निर्देशों का पालन नहीं कर रही है। पुलिस FIR को रोड रेज़ का मामला बना कर केस दर्ज कर रही है। पुलिस ने अभी तक उसका बयान तक दर्ज नहीं किया है। उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया जाए। मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाए।

0 comments