गोरखपुर टेरर फंडिंग मास्टर माइंड रमेश शाह को यूपी ATS ने पुणे से किया गिरफ्तार
लखनऊ. यूपी एटीएस और महाराष्ट्र एटीएस की संयुक्त टीम ने गोरखपुर टेरर फंडिंग मामले के मास्टर माइंड रमेश शाह को पुणे से गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी 19 जून को की गई है। ट्रांजिट रिमांड पर शाह को लखनऊ लाया जा रहा है। गुरुवार शाम तक लखनऊ पहुंचने की संभावना है। यहां उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। 24 मार्च को यूपी एटीएस ने गोरखपुर से आतंकी टेरर फंडिंग मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। पाकिस्तानी हैंडलर के आदेश पर विभिन्न बैंक खातों में फंड आतंकी गतिविधियों के लिए मुहैया कराने का आरोप है। इस पूरे नेटवर्क का सरगना रमेश शाह को बताया जा रहा है। रमेश शाह मूलत: बिहार के गोपालगंज जिले के हजियापुर कैथोलिया गांव का रहने वाला है। ये सत्यम शॉपिंग मार्ट के नाम की गोरखपुर में दुकान चलाता था।
एटीएस सूत्रों ने बताया कि रमेश शाह गैंग को ही यह जानकारी होती थी कि बैंक खातों से पैसा निकालकर किसको उपलब्ध कराना है। बताया जा रहा है कि शाह के निर्देश पर ही मध्य-पूर्वी देशों, जम्मू-कश्मीर, केरल व पूर्वोत्तर के कई राज्यों से एक करोड़ से भी ज्यादा फंड बैंकों से निकालकर भिन्न-भिन्न लोगों को उपलब्ध कराया गया है।
रमेश शाह को इन्टरनेट काॅल से पता चलता था कि अकाउंट में पैसा आ गया है। फिर मुकेश, रमेश के ही कहने पर खाताधारकों को फोन करके पैसा आने की पुष्टि करते थे। रमेश शाह की गिरफ्तारी के लिए यूपी एटीएस लगातार प्रयास कर रही थी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों से भी मदद ले रही थी।
यह कम्प्यूटर का अच्छा जानकार है व नकली कागजात को तैयार करने का माहिर है। रमेश शाह इसी मामले में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश कुमार के साथ रामजी पाठक के मकान में किराये पर रहता था।

0 comments