उत्तर प्रदेश: गुजरात कैडर के पूर्व IAS अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा BJP में हुए शामिल, दो दिन पहले नौकरी से लिया था VRS

प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेने वाले गुजरात काडर के पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा गुरुवार (14 जुलाई) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और यूपी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव की मौजूदगी में पूर्व आईएएस अधिकारी ने पार्टी का दामन थामा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के पूर्व अधिकारी ने पार्टी ज्वाइन करने के बाद कहा कि मैं भाजपा में आने पर खुश हूं। सोमवार को ही एके शर्मा ने वीआरएस लिया था। एके शर्मा पीएम मोदी के करीबी बताए जाते हैं, उन्होंने पहले सीएमओ और फिर पीएमओ में अहम जिम्मेदारी निभाई है।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट करके कहा, ‘‘आज पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा जी का भाजपा परिवार में स्वागत किया। ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की विचारधारा से जुड़े अरविंद कुमार शर्मा जी की कार्यक्षमता व कर्मठता से निश्चित ही पार्टी को एक नई गति मिलेगी।’’

मकर संक्रांति के पर्व पर लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ ही उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की मौजूदगी में शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अटकलें लगाई जा रही हैं कि शर्मा को भाजपा विधान परिषद के चुनाव में अपना प्रत्याशी बना सकती है और चुनाव जीतने के बाद उन्हें सरकार में कोई महत्वपूर्ण पद भी दिया जा सकता है।

उत्तर प्रदेश की 12 विधान परिषद सीटों के लिए 28 जनवरी को मतदान होना है और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 जनवरी है। भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को अपने दो प्रत्याशियों की घोषणा की थी। शर्मा विधान परिषद चुनाव लड़ेंगे या नहीं इस कोई भी पार्टी का नेता बोलने को तैयार नहीं है।

 

0 comments

Leave a Reply