चुनावों से पहले निर्मला सीतारमण आज पेश करेंगी
नई दिल्ली : बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) मंगलवार को आम बजट 2022-23 (Union Budget 2022) पेश करेंगी. सीतारमण मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का चौथा बजट जनता के सामने रखेंगी.
कोरोना महामारी और उससे पहले उपजी चुनौतियों की मार झेल रही अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए सरकार बुनियादी ढांचे पर खर्च बढ़ा सकती है. इस महीने से देश के पांच राज्यों (उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर) में विधानसभा चुनाव शुरू हो रहे हैं. इसके मद्देनजर सरकार का फोकस चुनावी राज्यों पर भी होगा.
कहा जा रहा है कि यह बजट विधानसभा चुनावों से कुछ दिन पहले आ रहा है, इसलिए ग्रामीण और कृषि क्षेत्र में खर्च में वृद्धि की उम्मीदें बढ़ जाती हैं.
बजट में आम आदमी की नजर इनकम टैक्स छूट (आयकर छूट) पर सबसे ज्यादा रहती है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वित्त मंत्री सीतारमण आयकर दरों में बदलाव करेंगी या नहीं, लेकिन कई लोगों को उम्मीद होगी कि रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच आयकर छूट की सीमा 2.5 लाख रुपये से बढ़ाई जाए.

0 comments