पश्चिम बंगाल: सीएम ममता बनर्जी ने लगाया गंभीर आरोप, बोलीं- मतदान केंद्रों पर जबरन कब्जा कर रहे BJP कार्यकर्ता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता मतदान केंद्रों पर जबरन कब्जा कर रहे हैं और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों समेत पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे हैं। बता दें कि, पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण के लिए मंगलवार को वोटिंग हो रही है।
सीएम ममता बनर्जी ने अलीपुरद्वार जिले में एक जनसभा के दौरान आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरामबाग से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी सुजाता मंडल का पीछा किया और एक मतदान केंद्र के पास उनके सिर पर चोट पहुंचाई। बनर्जी ने कहा कि वह ‘‘डराने-धमकाने के इस प्रकार के हथकंडों’’ से नहीं घबराएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सुबह से हमले और हिंसा की कम से कम 100 शिकायतें मिली हैं और निर्वाचन आयोग को इस बारे में जानकारी दी गई है, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं हुआ। बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा की रैलियों में ‘‘कम संख्या में लोगों के आने’’ के बाद दिल्ली में उनके नेतृत्व ने यह गहरा षड्यंत्र रचा।
उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों से मतदान केंद्र पर कब्जा करने के प्रयासों को नहीं रोकने को कहा गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव शुरू होने के बाद से हमारे चार कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। आप (भाजपा) हमें इस प्रकार की हरकतों से डरा-धमका नहीं सकते।’’

0 comments