डॉक्टर कफील खान ने परिवार के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से की मुलाकात
दिल्ली : जेल से रिहा होने के कुछ दिन बाद डॉक्टर कफील खान ने परिवार समेत सोमवार (21 सितंबर) को दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। बता दें कि, डॉ. कफील खान की जेल से रिहाई के बाद कांग्रेस महासचिव ने उनसे बातचीत कर उनका हालचाल लिया था और हर संभव मदद का वादा किया था।
गौरतलब है कि, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत हिरासत में लिए गए डॉक्टर कफील खान को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर हाल ही में मथुरा जेल से रिहा किया गया था। माना जाता है कि बैठक के दौरान, खान ने हिरासत के दौरान और बाद में कांग्रेस द्वारा की गई सहायता तथा समर्थन के लिए प्रियंका गांधी को धन्यवाद दिया। खान की पत्नी और बच्चे भी प्रियंका गांधी से मिले। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अजय कुमार लल्लू और पार्टी के राज्य अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रमुख शाहनवाज आलम भी उपस्थित थे।
अपनी रिहाई के बाद, खान अपने परिवार के साथ राजस्थान गए थे। उन्होंने कहा था, “राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। मेरे परिवार ने महसूस किया कि हम वहां सुरक्षित रहेंगे… मैं अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताना चाहता था।” बता दें कि, जेल से रिहा होने के बाद, प्रियंका गांधी ने कफील खान और उनके परिवार से फोन पर बात की थी और हरसंभव मदद का वादा किया था। (इंपुट: भाषा के साथ)

0 comments