राजस्थान: प्रोटोकॉल के बगैर दफनाया कोरोना से मृत व्यक्ति का शव, अंतिम यात्रा में करीब 150 लोग हुए शामिल; गांव में 21 दिन में 21 लोगों की मौत
राजस्थान के सीकर जिले के खीरवा गांव में बीते 21 दिन में 21 लोगों की मौत हो चुकी है और इसकी शुरुआत कोरोना वायरस से मरने वाले एक व्यक्ति को कथित तौर पर प्रोटोकॅाल का पालन किए बिना दफनाने के बाद हुई। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि गांव में 15 अप्रैल से पांच मई के बीच कोरोना वायरस संक्रमण के कारण केवल चार मौत हुई हैं। यह मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों के अनुसार गांव के एक व्यक्ति की कोरोना वायरस संक्रमण से गुजरात में मौत हो गई थी। उसका शव 21 अप्रैल को खीरवा गांव लाया गया। उसकी अंतिम यात्रा में लगभग 150 लोग शामिल हुए और इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि शव यहां थैले में आया था लेकिन लोगों ने उसे प्लास्टिक के थैले से निकाल लिया और कई लोगों ने इस प्रक्रिया में शव को छुआ भी था।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अमले ने गांव को संक्रमण मुक्त बनाने का काम किया है। लोगों को बीमारी तथा हालात की गंभीरता के बारे में बताया गया है और अब वे सहयोग कर रहे हैं। सीकर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय चौधरी ने कहा कि इस बारे में स्थानीय टीम से रिपोर्ट मांगी गई है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही वह कुछ टिप्प्णी कर पाएंगे।


0 comments