चुनाव ऐलान से चंद घंटों पहले 3 राज्यों में 2000 योजनाओं का शिलान्यास
जयपुर/भोपाल/रायपुर. विधानसभा चुनाव के ऐलान की खबर आते ही मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में शनिवार को आनन-फानन में कई योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए गए। यहां चंद घंटों के अंदर 2000 से ज्यादा योजनाओं का श्रीगणेश किया गया। अकेले राजस्थान के उदयपुर में ही 1500 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय से एकसाथ कई ऑनलाइन लोकार्पण और शिलान्यास किए। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक उदयपुर में एक-एक विधायक ने 50-50 और 60-60 जगहों पर कुछ घंटों में 1500 से ज्यादा आधे-अधूरे कामों का शिलान्यास किया। कई जगहों पर शिलालेख की जगह फ्लैक्स और बैनर लगाकर ही उद्घाटन कर दिया गया।
मध्यप्रदेश में 48 घंटे में 352 कामों का श्रीगणेश : भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों ने शनिवार दोपहर तक 48 घंटे में 2415 करोड़ रुपए के करीब 352 विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। जलसंसाधन मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के सेंवड़ा में 2044 करोड़ की रतनगढ़ सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। वित्तमंत्री जयंत मलैया, पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव, गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह, जलसंसाधन मंत्री नरोत्तम मिश्रा, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस, मंत्री अंतरसिंह आर्य और राज्यमंत्री लालसिंह आर्य समेत तमाम विधायकों और सांसदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में कई काम शनिवार को ही शुरू करा दिए।
मंत्री जहां से गुजरे करते गए उद्घाटन-शिलान्यास : पहले खबर आई कि चुनाव आयोग दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला था, लेकिन जब इसे ढाई घंटे टाल दिया गया तो केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत ने जावरा में किसान सम्मेलन में जाते वक्त बीच रास्ते में ही कई भूमिपूजन कर डाले। उन्होंने पहले बड़नावद 114 करोड़ रुपए के विकास कार्य का भूमिपूजन किया। हाटपिपल्या से मावता के बीच 52 किमी लंबी सड़क बनना है। इसके बाद उन्होंने नगर परिषद के 1.5 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया। गांववालों ने बताया कि कुछ विकास कार्य आज ही शुरू हो गए।
- राजस्थान में कई जगह शिलालेख की जगह फ्लैक्स-बैनर लगाकर ही कर दिया उद्घाटन
- आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस टली तो मप्र में केंद्रीय मंत्री ने किया 114 करोड़ के कामों का भूमिपूजन
- रायपुर में 75 मिनट में छह बड़े प्रोजेक्ट का फीता काटा

0 comments