घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कमी, जानिए कितने घटे दाम

नई दिल्ली: 

रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के बीच जनता के लिए एक राहत की खबर है. घरेलू LPG सिलेंडर (LPG Cylinder Price) की कीमतों में 10 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है. घटी हुई कीमतें आज रात 12 बजे के बाद से लागू होंगी. इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (Indian Oil Corporation Limited) ने यह जानकारी दी है.

बताते चलें कि कोरोना महामारी से दो-चार होते हुए देश की जनता को इस वक्त महंगाई की दोहरी मार भी झेलनी पड़ रही है. एक तरफ जहां पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी ने जनता का बुरा हाल कर दिया है तो रसोई गैस के दामों में हुए इजाफे ने भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है. दो महीनों में पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 8 रुपये बढ़े हैं तो एलपीजी गैस भी 125 रुपये महंगी हो गई है.

पिछले कुछ महीनों में 6 बार सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई, जिसका असर लोगों की थाली में भी दिखाई देने लगा था. एक जनवरी 2021 को रसोई गैस के सिलेंडर की कीमत 694 रुपये थी. एक मार्च को यह बढ़कर 819 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है. यानी लोगों को प्रति सिलेंडर 125 रुपये ज्यादा चुकाने पड़ रहे थे. वहीं उत्तराखंड में सिलेंडर की कीमत 840 रुपये हो गई थी. अब 10 रुपये की कटौती के बाद मामूली ही सही लेकिन जनता को थोड़ी राहत तो मिलेगी.

गौरतलब है कि देश के शहरी इलाकों के स्लम एरिया में रहने वाले लोग एलपीजी सिलेंडर का उपयोग नहीं कर रहे हैं, जबकि उनमें से अधिकांश के पास एलपीजी गैस सिलेंडर हैं. काउंसिल ऑन इनर्जी, इनवायरमेंट एंड वॉटर (CEEW) द्वारा जारी एक स्टडी रिपोर्ट के अनुसार, शहरी झुग्गियों में 86 प्रतिशत घरों में एलपीजी कनेक्शन के बावजूद, उनमें से केवल आधे ही एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं और इसकी जगह प्रदूषणकारी ईंधनों यानी बायोगैस और लकड़ी को जलावन के तौर पर इस्तेमाल करते हैं.

 

0 comments

Leave a Reply