UP और MP में सुबह बारिश, 12 राज्यों में काेहरा:दिल्ली में 26 ट्रेनें लेट; राजस्थान, बिहार समेत 11 राज्यों में बरसात हो सकती है
मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत उत्तर भारत के 12 राज्यों में आज (3 जनवरी) के दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। मध्य प्रदेश के भोपाल और यूपी के बहराइच, गोरखपुर में बुधवार सुबह विजिबिलिटी घटकर 25 मीटर रह गई। घने कोहरे का असर ट्रेनों पर भी देखने को मिला। दिल्ली में 26 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चल सकीं।
कोहरा छाने के अलावा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में तेज बारिश भी हुई। इंदौर, भोपाल, वाराणसी, लखनऊ समेत 15 शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं यूपी के उन्नाव में ओले भी गिरे। इस कारण इन शहरों में ठंड का असर और बढ़ गया।
उधर, पंजाब और हरियाणा के लिए मौसम विभाग ने सीवियर कोल्ड का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में कोल्ड-डे की चेतावनी जारी की है।

11 राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर का क्षेत्र बना हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान ये उत्तर की ओर बढ़ सकता है। जिसके चलते लक्षद्वीप, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
प्राइवेट वेदर एजेंसी के मुताबिक पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में सीवियर कोल्ड की स्थिति बन सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के घने कोहरे की स्थिति गुरुवार (4 जनवरी) को भी बनी रहेगी। राजस्थान और हरियाणा में भी कोहरा कम होने की संभावना अभी नहीं है।
तस्वीरों में देखिए मौसम का हाल...






जम्मू-कश्मीर में झीलों पर बर्फ की परत
जम्मू-कश्मीर में ठंड का असर बरकरार है। श्रीनगर की डल लेक समेत राज्य की कई झीलों में पानी जम गया है। सबसे ज्यादा ठंड अनंतनाग में पड़ रही है, जहां पारा बुधवार सुबह माइनस 7º रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पहलगाम में तापमान माइनस 6.6º और गुलमर्ग में माइनस 3.8º डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें
- ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
- हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।
अब जानिए राज्यों में मौसम का हाल...
मध्य प्रदेश: भोपाल, इंदौर समेत 21 जिलों में बारिश; सर्द हवाओं से 15 जनवरी तक ठिठुरेगा प्रदेश

मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो गया है। बुधवार को सुबह से ही भोपाल, सीहोर, भिंड में बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। इंदौर में आधी रात को हल्की बारिश हुई। इसके पहले मंगलवार को अशोकनगर, गुना और आगर में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 15 जनवरी तक प्रदेश में सर्द हवाएं चलती रहेंगी। पूरी खबर पढ़ें...
राजस्थान: 7 शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम, 5 दिन बाद बारिश होगी

राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा के कारण अधिकांश शहरों में दिन का तापमान अब 20° सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। गंगानगर, धौलपुर, हनुमानगढ़ में तो दिन दूसरे शहरों की रात की तुलना में ज्यादा ठंडे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई इलाकों में 5 दिन बाद बारिश होगी। पूरी खबर पढ़ें...
पंजाब: लुधियाना में तापमान 7 डिग्री पहुंचा, कई इलाकों में गहरा कोहरा

पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आज अधिकतम तापमान 13°C तक जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, जिले में शीतलहर जारी रहने वाली है। अगले 24 घंटों के दौरान लुधियाना और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें...
बिहार: घने कोहरे की चपेट में कई जिले, गया में पारा 5 डिग्री तक लुढ़का

बिहार के सभी जिले कड़कड़ाती ठंड और शीतलहर की चपेट में है। लोगों को सुबह और शाम के समय ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। धूप का असर कमने के साथ ही कनकनी बढ़ गई। 4, 5 और 6 जनवरी को मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें....
छत्तीसगढ़: कई जिलों में 3 दिनों तक बारिश का अलर्ट, 3 डिग्री तक बढ़ेगा रात का पारा

छत्तीसगढ़ के मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। 4 जनवरी से सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जो अगले दो से तीन दिनों तक जारी रह सकती है। बारिश के बाद 3 से 4 दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम में ये बदलाव दक्षिण-पूर्व से आने वाली हवा की वजह से हो रहा है। इसके बाद अगले तीन दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।

0 comments