मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 118वीं जन्मतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना पूरा जीवन किसानों की भलाई के लिए समर्पित कर दिया। वह एक कुशल नेतृत्वकर्ता थे।
योगी आदित्यनाथ ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण भी किया ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को लेकर विपक्ष पर करारा हमला किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार कह रही है कि मंडियां समाप्त नहीं होंगी, एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) खत्म नहीं होगा, फिर भी किसानों को गुमराह किया जा रहा है। मंडियों को ई तकनीक से जोड़ने का कार्य हुआ है। मंडी शुल्क 1 फीसद किया गया। बावजूद इसके किसान हितों से खिलवाड़ करने वाले ओछी राजनीति कर रहे हैं।
किसान के जीवन में खुशहाली लाने के लिए ही प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों में बदलाव किया है। जिन्हें किसानों की प्रगति अच्छी नहीं लगती, देश का विकास अच्छा नहीं लगता, किसानों के चेहरे पर खुशहाली अच्छी नहीं लगती, वह लोग किसानों को भड़काने में लगे हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने ये बातें पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 118 वीं जयंती के अवसर पर लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित में सबसे अधिक काम किए। किसानों के जीवन में आ रहे व्यापक बदलावों के लिए प्रधानमंत्री निरन्तर प्रयासरत हैं।किसान बिना किसी टैक्स के देश की किसी भी मंडी में अपने उत्पाद बेच सकते हैं।
कृषि, पशुपालन, बागवानी, मत्स्य पालन आदि क्षेत्रों में समन्वय स्थापित कर किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट की है। केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य हुआ है।

0 comments