चीन ने बीबीसी के प्रसारण पर लगाया प्रतिबंध, कोरोना और शिनजियांग पर गलत रिपोर्टिंग का लगाया आरोप
चीन की सरकार ने देश में बीबीसी के प्रसारण पर रोक लगा दी है। हाल ही में ब्रिटेन ने चीनी सरकारी चैनल सीटीजीएन का लाइसेंस रद्द कर दिया था और चीन ने एक सप्ताह पहले इसका जवाब देने की धमकी दी थी।
बीजिंग के राष्ट्रीय रेडियो और टेलीविजन प्रशासन (एनआरटीए) ने गुरुवार देर रात दिए एक वक्तव्य में कहा कि चीन में बीबीसी वर्ल्ड न्यूज ने नियमों का उल्लंघन किया है और देश के हितों को नजरअंदाज किया है। चीन में पहले ही कुछ होटलों, प्रतिष्ठानों और विदेशियों के लिए निर्मित आवासीय परिसरों के बाहर बीबीसी नहीं देखा जा सकता था। यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंध से इन जगहों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
गौरतलब है कि, पिछले 4 फरवरी को ब्रिटेन ने चीन के सरकारी मीडिया सीजीटीएन को अपने देश में प्रतिबंधित किया था, उसके बाद से इस बात की चर्चा थी कि चीन भी इसके प्रत्युत्तर में बीबीसी को प्रतिबंधित करेगा। प्रतिबंध के दौरान ब्रिटेन की जांच में पाया गया था कि सीजीटीएन के पास संपादकीय नियंत्रण का अभाव था। इसके अलावा इस चैनल का संबंध चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के साथ भी था।

0 comments