बिहार: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के पुश्तैनी मकान पर चला बुलडोजर
कभी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी रहे जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पूर्व नेता और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बक्सर स्थित उनके मकान पर बुलडोजर चला दिया गया। बक्सर के अहिरौली में प्रशांत किशोर के पैतृक घर पर शुक्रवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। 10 मिनट में ही प्रशासन के बुलडोजर ने प्रशांत किशोर के घर का बाउंड्री वाल और किवाड़ उखाड़ दिया।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अहिरौली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-84 के किनारे बने प्रशांत किशोर के पुश्तैनी घर के बाहर की दीवार को बुल्डोजर के जरिए तोड़ दिया गया। प्रशांत किशोर के मकान पर जैसे ही प्रशासन का बुलडोजर चलना शुरू हुआ तो आसपास के लोग वहां जुट गए। रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना का किसी ने विरोध भी नहीं किया, क्यों कि इसका कोई खास राजनीतिक मतलब नहीं निकाला जा रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, एनएच-84 के चौड़ीकरण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारा अधिग्रहीत की गई पुश्तैनी मकान की इस भूमि का मुआवजा प्रशांत किशोर ने अब तक नहीं लिया है।
बता दें कि, एक समय प्रशांत किशोर बिहार के मुख्मंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे हैं और जनता दल यूनाइटेड के उपाध्यक्ष भी रहे हैं।

0 comments