“अरविंद केजरीवाल जी कब तक बिहार के लोगों का अपमान करते रहेंगे”: भगवंत मान के अपमानजनक ट्वीट पर BJP सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के सीएम से माफी मांगने की मांग की
उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कथित रूप से बिहार के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को सार्वजनिक रुप से माफी मांगने को भी कहा। बता दें कि, अभी हाल ही में AAP सांसद भगवंत मान ने एक ट्वीट किया था, जिसे भाजपा सांसद ने अपमानजनक बताते हुए अरविंद केजरीवाल से मांफी की मांग की।
मनोज तिवारी ने मंगलवार (2 मार्च) को अपने ट्वीट में लिखा, “श्री मान अरविंद केजरीवाल जी कब तक बिहार के लोगों का अपमान करते और कराते रहेंगे! बिहार भारत की शान है। “आप” बौद्ध, जैन और सिख गुरुओं का भी अपमान कर रहे हैं। क्षमा माँगिये।”
AAP सांसद भगवंत मान के जिस ट्वीट पर मनोज तिवारी ने अपनी प्रतिक्रियां दी है उसमें उन्होंने लिखा था, “कैप्टन अमरिंदर सिंह जी आप खुद से तो सरकार चल नहीं रही अब एक बिहार के आदमी को principal advisor बना कर सरकार चलेगी ????..याद करो 4 साल पहले झूठे वादे इसी ने करवाए थे…पंजाबी बार बार धोखे में नहीं आएंगे…”
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को अपना मुख्य सलाहकार बनाए जाने की जानकारी दी। सिंह ने ट्वीट किया, ‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रशांत किशोर मुख्य सलाहाकार के तौर पर मेरे साथ जुड़ गए हैं। पंजाब के लोगों की बेहतरी के लिए साथ काम करने को लेकर आशान्वित हूं।’
किशोर ने वर्ष 2017 में पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के चुनाव अभियान की कमान संभाली थी। किशोर ने वर्ष 2014 के आम चुनाव में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद के लिए अभियान की कमान संभाली थी।

0 comments