नीतीश 9वीं बार बिहार के सीएम बने:बोले-जहां थे वहीं आ गए, अब कहीं नहीं जाऊंगा; 2 डिप्टी सीएम सहित 8 मंत्रियों ने शपथ ली
नीतीश कुमार ने रविवार शाम 5 बजे 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सम्राट चौधरी और नेता प्रतिपक्ष रहे विजय सिन्हा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। शपथ ग्रहण के बाद सीएम नीतीश ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होगा। साथ ही कहा कि अब कहीं जाने का कोई सवाल नहीं है।
नीतीश ने आज सुबह 11 बजे ही इस्तीफा दिया था। इस्तीफे के साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद दोपहर में भाजपा ने नई सरकार को समर्थन का औपचारिक ऐलान किया था।
शाम पांच बजे हुए समारोह में नीतीश के साथ कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली। मंत्रियों में मुख्यमंत्री समेत 2 कुर्मी, 2 भूमिहार, 1-1 राजपूत, दलित, कहार, कोइरी और यादव हैं। सभी का संक्षिप्त ब्योरा नीचे दिया गया है...
उपमुख्यमंत्री
1. सम्राट चौधरी (भाजपा) 2. विजय सिन्हा (भाजपा)
मंत्री
3. डॉ. प्रेम कुमार (भाजपा)
4, विजेंद्र प्रसाद (जदयू)
5. श्रवण कुमार (जदयू)
6. विजय कुमार चौधरी (जदयू)
7. संतोष कुमार सुमन (हम)
8. सुमित सिंह (निर्दलीय)
लाइव अपडेट्स
राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने नीतीश के NDA में मिलने को लेकर कहा- मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि नीतीश किसी भी समय पलट सकते हैं। यह उनकी राजनीति का हिस्सा बन चुका है, लेकिन आज के घटनाक्रम ने बता दिया कि बिहार में सब पलटूमार है। अमित शाह, नरेंद्र मोदी और भाजपा वाले भी नीतीश जितने ही पलटूमार हैं। पूरी खबर पढ़ें..






बिहार में सियासी समीकरण बदल चुका है। महागठबंधन से नाता तोड़कर नीतीश कुमार ने एनडीए के साथ मिलकर 9वीं बार बिहार के सीएम पद की शपथ ली है। बदले राजनीतिक घटनाक्रम पर पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभी तो खेल शुरू हुआ है। मैं जो कहता हूं वो करता हूं। मैंने राजधर्म का पालन किया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
बीजेपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि नीतीश जी का वापस आना हमारे लिए हर्ष का विषय है। डबल इंजन की सरकार से बिहार का विकास होगा। नड्डा ने कांग्रेस की यात्रा और इंडी अलायंस को पूरी तरह से फेल बताया।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "जहां थे वहीं फिर आ गए हैं और अब इधर-उधर जाने का कोई सवाल नहीं।"
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि कैबिनेट का विस्तार जल्द होगा। 8 मंत्रियों ने आज शपथ ली है। आज तीनों पार्टियों और निर्दलीय को साथ लाए हैं। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री बनाएंगे।

नीतीश कुमार की नई कैबिनेट की बैठक कल साढ़े 11 बजे होगी। इसमें मंत्रियों को विभाग बांटे जा सकते हैं।

नीतीश के पुराने साथी आरएलजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि लालू के घर में आज चूल्हा नहीं जलेगा। क्या खेला होगा। नीतीश आ गए है, सब ठीक हो जाएगा।

निर्दलीय विधायक सुमित सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। उनकी शपथ के साथ ही समारोह समाप्त हो गया।













राजभवन में शपथ समारोह में भाग लेने के लिए राज्यपाल पहुंच गए हैं। उनके पहुंचते ही राष्ट्रगान हुआ और भारत माता के जयकारे लगे।

राजभवन में सम्राट चौधरी, विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव एक साथ बैठे हुए हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राजभवन पहुंच चुके हैं। थोड़ी देर में शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा।
बीजेपी एमएलसी नीरज बबलू ने कहा- नीतीश जब भी राजद में रहे अपराध बढ़ गया, जब भी एनडीए में रहे सुशासन की सरकार रही है और वो फिर से आ गए हैं तो रामराज आएगा।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंच गए हैं। चिराग पासवान भी साथ हैं। दोनों एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।
तेजस्वी ने कहा कि अभी खेल बाकी है। मैं जो कहता हूं वो करता हूं। जदयू 2024 में खत्म हो जाएगी। ये सीएम रहकर कुछ नहीं कर पाए। डिप्टी सीएम ने उतना काम कर दिया। वो पचा नहीं पाए। हम काम में विश्वास करते हैं। रात-रातभर जागकर अस्पतालों में छापे मारे हैं। बेरोजगारों को नौकरियां दी हैं।
नीतीश ने जनवरी 2023 में कहा था- मर जाना कबूल है, भाजपा के साथ जाना कबूल नहीं। इस पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने X पर एक चैनल के वीडियो को टैग करके लिखा- राम नाम सत्य है।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पीएम मोदी, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए। नीतीश कुमार को शर्म नहीं आती कि वे फिर पुरानी जगह जाकर बैठ गए। उनकी बात का कोई भरोसा नहीं है। मैं तेजस्वी यादव से पूछना चाहता हूं कि सीने में दर्द हो रहा है, क्योंकि वे भी हमारे लोगों को तोड़कर ले गए थे।
भाजपा और जेडीयू दोनों के लिए चुनाव का काम कर चुके प्रशांत किशोर बोले- मैंने कई बार कहा कि नीतीश कुमार कभी पलट सकते है। नीतीश पहले से पल्टूराम हैं। इस घटना (नीतीश के एनडीए में जाने) से ये भी पता चला कि मोदी, शाह, सभी भाजपा वाले उतने ही बड़े पलटीमार हैं, जितने कुमार।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने जेडीयू के केसी त्यागी के बयान का जवाब दिया। त्यागी ने जेडीयू के I.N.D.I.A छोड़ने के पीछे कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। खेड़ा ने ये भी कहा कि केसी त्यागी मेरे बडे़ भाई जैसे हैं। वे अच्छे स्क्रिप्ट राइटर हैं। आप अभी उनसे कहें कि नीतीश कुमार ने फिर से दल बदल लिया, वे अपनी स्क्रिप्ट बदल लेंगे।
पटना के अटल सभागार में शाम 6 बजे बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रेस वार्ता करेंगे।

नीतीश के INDIA छोड़कर NDA में शामिल होने को लेकर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी निशाना साधा। उन्होंने 2017 के अपने ही ट्वीट को रीट्वीट किया, जिसमें उन्होंने अंग्रेजी के शब्द स्नोलीगॉस्टर का मतबल समझाया था। उस ट्वीट के मुताबिक, स्नोलीगॉस्टर शब्द ऐसे नेताओं के लिए इस्तेमाल होता है, जो लोगों की सेवा करने की बजाय अपने निजी फायदों की चिंता ज्यादा करता है। थरूर ने कहा था कि यह वर्ड ऑफ द डे है।
थरूर ने यह ट्वीट तब किया था, जब 2017 में नीतीश कुमार ने महागठबंधन छोड़कर बीजेपी के साथ जाने का फैसला किया था। आज नीतीश कुमार के बीजेपी से मिलने के बाद थरूर ने रीट्वीट करते हुए लिखा- मैंने सोचा नहीं था कि यह कभी और भी इस्तेमाल करूंगा।
जेडीयू के नेता केसी त्यागी ने रविवार को कहा कि नीतीश कुमार ने I.N.D.I.A ब्लॉक कांग्रेस की वजह से छोड़ा। कांग्रेस I.N.D.I.A को लीड करना चाहती थी। 19 दिसंबर को हुई I.N.D.I.A की मीटिंग में साजिश के तहत ममता बनर्जी ने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम पीएम उम्मीदवार के तौर पर पेश किया। इसके पहले की मुंबई की मीटिंग में सबने फैसला लिया था कि I.N.D.I.A ब्लॉक चुनाव में बिना पीएम फेस के जाएगा।
केसी त्यागी ने कहा- कांग्रेस सीट शेयरिंग पर चर्चा को भी टाल रही थी। हम बार-बार कह रहे थे कि सीट शेयरिंग पर सहमति तुरंत होनी चाहिए। I.N.D.I.A के पास बीजेपी से लड़ने का प्लान नहीं था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना में शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा- नीतीश कुमार 9वीं बार शपथ लेने जा रहे हैं। नौ ग्रह ठीक कर दिए, तभी तो शपथ ले रहे हैं। पुरानी सरकार में ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल कर रहा था। नौकरी के बदले जमीन लेने का खेल हुआ। इंडिया गठबंधन में गंभीरता नहीं थी, इसलिए हमने बिहार में आरजेडी गठबंधन सरकार और इंडिया ब्लॉक से बाहर होने का फैसला लिया। इंडिया ब्लॉक की अकाल मृत्यु हो गई है।
आरजेडी नेता मुकेश कुमार यादव ने कहा कि हम अपने नेता (लालू प्रसाद यादव) के साथ हैं। वे जो कहेंगे, हम फॉलो करेंगे। अब जनता के बीच जाएंगे।
एनडीए विधायकों के लिए सीएम हाउस में लंच की व्यवस्था है। फिश फ्राई और फिश करी परोसी गई। विधायकों के लिए वेज और नॉन वेज दोनों तरह के खाने का इंतजाम है। एनडीए के सभी विधायक 1, अणे मार्ग स्थित सीएम हाउस में हैं।



नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद शाम 5.30 बजे कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई गई है।
- नीतीश कुमार(जेडीयू)- सीएम
- सम्राट चौधरी (भाजपा)- डिप्टी सीएम
- विजय सिन्हा (भाजपा)- डिप्टी सीएम
- डॉ. प्रेम कुमार (भाजपा)- मंत्री
- विजय कुमार चौधरी (जेडीयू)- मंत्री
- विजेन्द्र प्रसाद यादव (जेडीयू)- मंत्री
- श्रवण कुमार (जेडीयू) - मंत्री
- संतोष कुमार सुमन (हम)- मंत्री
- सुमित कुमार सिंह (निर्दलीय)- मंत्री

नीतीश कुमार ने राज्यपाल को 128 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा। इसमें भाजपा के 78, जेडीयू के 45, हम के 4 और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि हमने काम किया है, काम करते रहेंगे। जनता के बीच जाकर एनडीए की नाव डुबाएंगे।
नीतीश कुमार ने जेडीयू के 45, भाजपा के 78 और हिंदुस्तान अवामा मोर्चा (हम) के 4 और एक निर्दलीय विधायक के समर्थन की चिट्ठी राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को सौंप दी है।
उसके साथ रहना बेकार है जिसकी विचारधारा गिरगिट कुमार है...
नीतीश सांप है, जैसे सांप केंचुल छोड़ता है, वैसे ही नीतीश भी केंचुल छोड़ता है और हर 2 साल में सांप की तरह नया चमड़ा धारण कर लेता है। किसी को शक?
ये लालू यादव का 7 साल पुराना ट्वीट है, बेटी रोहिणी आचार्य ने इसे दोबारा से पोस्ट किया है।
आरजेडी एमएलए सुधाकर सिंह ने कहा कि भाजपा आने वाले चुनाव में हार को देखकर नीतीश कुमार को साथ लाई है। नीतीश दिमागी रूप से कमजोर हैं, इसलिए नौकरशाहों के कहने पर भाजपा के साथ गए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश में कई नेता आया राम-गया राम हैं। पहले उन्होंने साथ मिलकर भाजपा से लड़ने का ऐलान किया था। मेरी लालू जी और तेजस्वी से बात हुई थी। उन्होंने भी कहा था कि नीतीश जा रहे हैं। नीतीश रहना चाहते हैं तो रह सकते हैं, लेकिन वे जा रहे हैं। I.N.D.I.A अलायंस रहेगा।
भाजपा के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि जेडीयू, भाजपा और एनडीए के अलायंस मिलकर सरकार बना रहे हैं। सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता बनाया गया है।
भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जी को मैं धन्यवाद देता हूं। बिहार में डेढ़ साल में जंगलराज पार्ट 2 की हालत आ गई थी। लालू जी की अगर ताजपोशी हो जाती तो बड़ी कठिनाई होती। जंगलराज से मुक्ति मिलने के लिए नीतीश जी को हमने मुख्यमंत्री बनाया। भाजपा लालू की ताजपोशी नहीं होने देगी और न ही जंगलराज होने देगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। नीतीश पीएम से बात करके इस्तीफा देने निकले।
नीतीश कुमार भाजपा के समर्थन से सरकार बनाने जा रहे हैं। कुछ देर में भाजपा विधायक मुख्यमंत्री आवास पहुंचने वाले हैं।
नीतीश कुमार ने 537 दिन बाद आज 28 जनवरी 2024 को एक बार फिर राज्यपाल को अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पिछली बार 9 अगस्त 2022 को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद राजद-कांग्रेस गठबंधन के साथ मिलकर महागठबंधन सरकार बनाई थी।
इसके पहले नीतीश कुमार ने 1840 दिनों तक भाजपा के साथ सरकार चलाई थी। उन्होंने 26 जुलाई 2017 को अपना इस्तीफा राज्यपाल को दिया था। तब वो राजद-कांग्रेस गठबंधन से अलग हुए थे।
इसके भी पहले नीतीश कुमार ने 1502 दिन आरजेडी-कांग्रेस गठबंधन के साथ सरकार चलाई थी। तब वे 16 जून 2013 को भाजपा के नेतृत्व वाली NDA सरकार से अलग हुए थे।
सीएम हाउस में जेडीयू के बैठक खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री किसी भी वक्त राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को इस्तीफा देने जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की तरफ से समर्थन पत्र मिल गया है। सीएम हाउस से राजभवन तक सुरक्षा घेरा बना दिया गया है।
जेडीयू सांसद कविता सिंह ने कहा कि तेजस्वी सिर्फ परिवार को नौकरी देते थे। नीतीश ने नौकरी दी। बीजेपी के साथ जाने से प्रदेश को फायदा होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार के लोगों के मन में जो है, उसके इशारे अच्छे हैं। पार्टी सारी चीजों को सोच विचार कर निर्णय लेगी। बिहार के लोगों के चेहरे से यह प्रतीत हो रहा है कि बिहार में कुछ अच्छा होने वाला है। सुबह की ताजगी बता रही हैं कि अच्छे दिन आने वाले हैं।


पटना स्थित भाजपा दफ्तर में भी मीटिंग जारी है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी मौजूद हैं।
सीएम हाउस में पार्टी सांसद-विधायकों के साथ नीतीश की बैठक शुरू हो गई है। जेडीयू के सभी 45 एमएलए, 16 सांसद सीएम हाउस पहुंच चुके हैं।
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि जो भी होगा, जनता सब देख रही है। वही हिसाब करेगी। तेजस्वी जी के काम को कोई नकार नहीं सकता। जनता कह रही है- देखा है पहली बार, ऐसी पलटीमार सरकार।
जेडीयू के करीब 35 विधायक पहुंचे हैं। मंत्री लेसी सिंह भी पहुंची हैं। बाकी 10 विधायक सीएम हाउस आने वाले हैं।
भाजपा की बैठक में अब तक 15 विधायक पहुंच चुके हैं।
पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद दिलीप घोष ने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक अंत आ रहा है। वो बीजेपी में आएंगे या नहीं, बीजेपी उनको लेगी या नहीं, ये तय करने वाले दूसरे लोग है। हम इंतजार कर रहे हैं।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी पार्टी दफ्तर पहुंचे, लेकिन कुछ भी नहीं बोले।
बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा जेडीयू की बैठक में हिस्सा लेने निजी गाड़ी से पहुंचे।
पटना के 1, अणे मार्ग यानी मुख्यमंत्री निवास पर जेडीयू के विधायकों पर पहुंचना जारी है। कुछ देर में मीटिंग होनी है।
भाजपा विधायक राम सिंह ने कहा- लोकसभा चुनाव के लिए बैठक होनी है। नड्डा जी आ रहे हैं। गांव की ओर चलें, ये भाजपा का आह्वान है। पार्टी की चीजों को केंद्रीय नेतृत्व या प्रवक्ता बताएंगे। जय भारत माता बोलिए।
बिहार में भाजपा के पूर्व मंत्री जनक चमार ने कहा कि शपथ ग्रहण का दूर-दूर तक अंदेशा नहीं है। लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा करने आए हैं। जरूरत होती है तो दरवाजा खुलता है और बंद होता है। ये सब 2024 के चुनाव को लेकर हो रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आ रहे हैं तो कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
पटना में भाजपा विधायकों की बैठक होने वाली है। इसको लेकर पार्टी दफ्तर में विधायकों का बैठना जारी है।
नीतीश के इस्तीफा देने और फिर भाजपा के समर्थन से सरकार बनाने पर भाजपा विधायक मोतीलाल प्रसाद ने कहा कि मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है। पार्टी की बैठक है, वहां कोई बात हो सकती है। राजनीति में कुछ भी संभव है। मेरे सामने से कोई बात नहीं गुजरी है।
बिहार के भाजपा ऑफिस में भी विधायकों की बैठक होनी है। इसको देखते हुए ऑफिस में सुबह से ही खाने की तैयारी भी हो गई है।
थोड़ी देर में बैठक शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने शर्त रखी है कि पहले नीतीश कुमार इस्तीफा दें, तब समर्थन देंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से सुबह 10.30 बजे मिलने का वक्त मांगा है।
JDU के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं, ये अच्छी बात है। अभी वे पश्चिम बंगाल पहुंचे तो ममता बनर्जी दूर हो गई। बिहार में आने वाले हैं तो यहां का घटनाक्रम बदल रहा है। कांग्रेस को ये सोचना चाहिए कि रणनीति में चूक कहां है। जहां राहुल जाते हैं, वहां सहयोगी दरकिनार हो जाते हैं।
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि हम डेढ़ साल से I.N.D.I.A अलांयस में लगे थे, लेकिन दूसरी पार्टियां गंभीर नहीं थीं। सभी यही कह रहे थे कि अभी इतनी जल्दी क्या है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी दिल्ली से पटना आ रहे हैं।



बिहार में जारी सियासी उठापटक के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 3 बजे पटना पहुंच रहे हैं। वे 8 बजे तक यहां रुकेंगे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर भी अभी कोई हलचल नहीं है।


आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अखबारों में विज्ञापन दिया है। इसमें उन्होंने अपनी पार्टी (सरकार नहीं) की तरफ से किए कामों का ब्योरा दिया है। ऐड में जेडीयू या नीतीश सरकार का जिक्र नहीं है।
डिप्टी सीएम बनने की अटकलों पर भाजपा नेता रेणु देवी ने कहा, "मुझे कुछ नहीं पता। मैं संगठन के लिए काम करती हूं।


बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह राज्यपाल से मिलने का समय मांगा है: सूत्र
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज 3 बजे पटना पहुंचेंगे। नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल।

पूर्णिया में आज कांग्रेस की विधायक दल की बैठक होने वाली है। इस बैठक को लेकर 14 विधायक शनिवार रात तक पूर्णिया पहुंच चुके हैं। पार्टी प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष ने यह जानकारी दी है।

0 comments