कोरोना संकट के बीच बिहार चुनाव 2020 के लिए अबतक 10 उम्मीदवारों ने दाखिल किया ऑनलाइन नामांकन
कोरोना संकट के बीच बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अबतक दस उम्मीदवारों ने ऑनलाइन नामांकन पत्र दाखिल किया है। इन सभी नामांकन पत्रों के साथ ही जमानत राशि भी ऑनलाइन ही जमा करायी है। इनमें से दो ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र की हार्ड कॉपी भी जमा कर दी है।
बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि कोरोना को लेकर ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने का भी प्रावधान किया गया है। इसके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार की वेबसाइट और जिला निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की वेबसाइट पर भी नामांकन पत्र उपलब्ध कराया गया है। बिहार में पहली बार चुनाव में ऑनलाइन नामांकन दाखिल करने का प्रावधान किया गया है।
ऑनलाइन नामांकन पत्र अधूरा होने पर खुद त्रुटि प्रदर्शित होता है
ऑनलाइन नामांकन पत्र अगर आधा-अधूरा भरा गया है तो वह खुद ही त्रुटि (एरर) प्रदर्शित करता है। जैसे ही सभी कॉलमों में जानकारी दे दी जाती है, नामांकन पत्र दाखिल किए जाने योग्य हो जाता है। विधानसभा चुनाव व वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के उप चुनाव दोनों को लेकर ऑनलाइन नामांकन पत्र दाखिल किया जा सकता है।
ऑनलाइन नामांकन पत्रों को स्वीकार किया जा रहा है। प्रत्याशी को ऑनलाइन नामांकन पत्र भरकर उसकी प्रति निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष जाकर दाखिल करनी होगी। अबतक दस ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। -

0 comments