Bihar Assembly Election: PM नरेन्द्र मोदी की जनसभा को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिहार में चुनावी दौरे पर सुरक्षा इंतजामों को चाक-चौबंद रखने के लिए 7 आईपीएस अधिकारियों को विशेष शाखा में प्रतिनियुक्त किया गया है। आईपीएस के अलावा बिहार पुलिस सेवा के 4 अफसर भी प्रतिनियुक्त रहेंगे। जरूरत के मुताबिक इन्हें सभा स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की देखरेख में तैनात भी किया जा सकता है।

पुलिस मुख्यालय ने सोमवार को पुलिस अफसरों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी कर दिया। जिन 7 आईपीएस अधिकारियों को विशेष शाखा में प्रतिनियुक्त किया गया है उनमें राजीव कुमार मिश्रा (कमांडेंट बीएमपी-2), पुष्कर आनंद (कमांडेंट, बीएमपी-16), डॉ. इनामुल हक मेंगनू (सहायक निदेशक, पुलिस अकादमी), सुशील कुमार (कमांडेंट, बीएमपी-3),  रमाशंकर राय (कमांडेंट सह प्राचार्य, एमपीटीसी), सत्यनारायण कुमार (एआईजी, ट्रेनिंग) और मिथिलेश कुमार (प्राचार्य, सीटीएस, नाथनगर) शामिल हैं। इनके अलावा बिहार पुलिस सेवा के 4 अधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। डीएसपी रैंक के नुरुल हक, हरिश शर्मा, अशोक कुमार सिंह और जितेन्द्र कुमार सिंह भी विशेष शाखा में प्रतिनियुक्त किए गए हैं। 

प्रधानमंत्री के 23 अक्टूबर को सासाराम, गया और भागलपुर में होनेवाली जनसभा के लिए यह प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त किए गए पुलिस अधिकारियों को विशेष शाखा के एडीजी के समक्ष रिपोर्ट करेंगे। 

रोहतास, गया व भागलपुर में अतिरिक्त बल की तैनाती
प्रधानमंत्री के रोहतास, गया और भागलपुर जिले के कार्यक्रम में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे। गया में दो सौ पुलिस अधिकारी के अलावा बीएमपी की विभिन्न बटालियनों से 8 कंपनी फोर्स दी गई है। इसके अतिरिक्त स्वाभिमान बटालियन की 180 सिपाही भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। वहीं सासाराम के कार्यक्रम के लिए 171 पुलिस अफसरों के साथ 10 कंपनी फोर्स दी गई है। भागलपुर में होनेवाली जनसभा के लिए एक सौ से अधिक पुलिस अफसर के अलावा बीएमपी की 10 कंपनियां तैनात रहेंगी।  

0 comments

Leave a Reply