Bihar Election: इस बार 'सेल्फ गोल' से बच रही कांग्रेस, संभल के बयान दे रहे नेता

बिहार विधानचुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार जल्द ही थम जाएगा। इस चरण के साथ आधे से अधिक सीट पर चुनाव खत्म हो जाएगा। पर कई चुनावों के बाद यह पहला ऐसा चुनाव है, जिसमें कांग्रेस ने अभी तक कोई सेल्फ गोल नहीं किया है। पार्टी को किसी बयान पर कोई सफाई देने की जरुरत नहीं पड़ी है। पार्टी तय रणनीति और मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है।

चुनाव प्रचार के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद शशिथरुर के पाकिस्तान के बुद्धिजीवियों के साथ बातचीत में एक बयान को लेकर भाजपा ने शुरुआत की थी, पर पार्टी ने इस पर कोई ज्यादा तवज्जो नहीं दी, इसलिए यह मुद्दा खत्म हो गया है। पार्टी को डर था कि वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर एक बार फिर इस कमी को पूरा कर देंगे, पर अय्यर इस बार खामोश हैं।

भाजपा लगातार कोशिश कर रही है कि किसी तरह कांग्रेस कोई गलती कर दे, पर शायद पार्टी इस बार कोई मौका देने नहीं चाहती। भाजपा ने  अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मशकूर उस्मानी को टिकट देने को मुद्दा बनाने की कोशिश की थी, पर इसका ज्यादा असर नहीं हुआ। क्योंकि, राजद-कांग्रेस ने पहले ही युवाओं को रोजगार का एजेंडा तय कर दिया था।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद ऐसे कई मौके आए है, जब चुनाव प्रचार में कांग्रेस ने भाजपा को कोई मुद्दा नहीं दिया हो। गुजरात विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर की प्रधानमंत्री पर विवादित टिप्पणी की वजह से पार्टी को नुकसान उठाना पडा था। हालांकि, पार्टी ने उस वक्त अय्यर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया था। पर बाद में उनकी वापसी हो गई।

 

0 comments

Leave a Reply