पंजाब निकाय चुनाव में BJP को बड़ा झटका, सभी 7 नगर निगमों पर कांग्रेस का कब्जा; पार्टी में खुशी की लहर

पंजाब में स्थानीय निकाय चुनाव के बुधवार को घोषित परिणाम के मुताबिक, कांग्रेस ने सात नगर निगमों में शानदार जीत दर्ज की। किसानों के विरोध के बीच, पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने स्थानीय निकाय चुनावों में बड़ी बढ़त हासिल कर ली है, जबकि केंद्रीय कृषि कानूनों को लेकर गुस्से का सामना कर रही भाजपा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। कांग्रेस ने पंजाब की सात नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सूपड़ा साफ कर दिया। स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने मोगा, होशियारपुर, कपूरथला, अबोहर, पठानकोट, बटाला और बठिंडा नगर निगम जीत ली है।

कांग्रेस नेता मनप्रीत सिंह बादल ने भी ट्वीट कर जानकारी दी है कि बठिंडा में भी कांग्रेस पार्टी की जीत हुई है। ये करीब 53 साल बाद हुआ है, जब बठिंडा में कांग्रेस पार्टी का मेयर बनेगा। बता दें कि, इससे पहले बठिंडा नगर निगम में शिरोमणि अकाली दल का कब्जा था।

पंजाब निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत से पार्टी में खुशी की लहर हैं। कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने अपने ट्वीट में लिखा, “पंजाब नगर निगम चुनाव में असाधारण जीत के लिए पंजाब कांग्रेस, मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह जी समेत प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सभी सदस्यों को ढेरों शुभकामनाएँ। ये नतीजे ‘बदलते वक्त’ के सूचक हैं, ये किसान-मज़दूर-व्यापारी-कर्मचारी-नौजवान की ‘मन की बात’ है।”

वहीं, हरीश रावत ने अपने ट्वीट में लिखा, “पंजाब से आ रही जानकारियां बहुत ही उत्साहजनक हैं, पंजाब_नगर_निकाय चुनावों के आ रहे नतीजे भाजपा की आंख खोलने के लिये खाफी हैं। भाजपा को समझना चाहिये, यदि उनका और उनके दोस्त अकालियों का शहरी क्षेत्रों में यह हाल है तो फिर ग्रामीण अंचलों में, तो ये दोनों झंडों को लोग देखना भी पसंद नहीं करेंगे।”

उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा, “मैं, पंजाब की सम्मानित जनता व पंजाब कांग्रेस/प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को, मुख्यमंत्री जी को एवं अपनी सभी जिला/ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, माननीय मंत्रीगण, विधायकगण और जो लोग प्राण प्रण से इन चुनावों में लगे हुये थे, परिश्रम कर रहे थे, उन सबको बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।”

 

0 comments

Leave a Reply