भोपाल से प्रज्ञा ठाकुर ने नामांकन वापस लिया

मध्य प्रदेश:   भोपाल लोकसभा सीट से पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. इनमें प्रज्ञा ठाकुर भी शामिल हैं. जी हां, आपने सही सुना. प्रज्ञा ठाकुर ने अपना नामांकन वापस ले लिया है. लेकिन ये बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर नहीं बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर हैं. प्रज्ञा ठाकुर ने भोपाल लोकसभा सीट से साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के समर्थन में अपना नाम वापस ले लिया है. दरअसल, भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुरको अपना प्रत्याशी घोषित किया है. इसी सीट पर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की हमनाम प्रज्ञा ठाकुर ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया था. एक ही नाम होने से बीजेपी को इस बात की आशंका थी कि मतदाता कहीं किसी गलतफहमी में आकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की बजाय प्रज्ञा ठाकुर के नाम के आगे वाला बटन ना दबा दें. इसी आशंका को देखते हुए साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने खुद प्रज्ञा ठाकुर को मनाने के लिए अपने घर बुलाया. प्रज्ञा ठाकुर ने घर पहुंचकर साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से बात की. इस दौरान साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने उनसे चुनाव ना लड़ने की अपील की. जिसके बाद निर्दलीय मैदान में खड़ी प्रज्ञा ठाकुर ने अपना नामांकन वापस लेते हुए बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को अपना समर्थन दे दिया है. बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ने इस मौके पर प्रज्ञा ठाकुर का अभिनंदन किया है. इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा भी मौजूद रहे. प्रज्ञा ठाकुर के नामांकन वापस लेने के बाद बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि दो प्रज्ञा आमने-सामने नहीं हो सकती थीं, इसलिए निर्दलीय उम्मीदवार ने पर्चा वापस ले लिया. निर्दलीय खड़ी हुईं प्रज्ञा ठाकुर का साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भगवा शॉल भेंट करके उनका सम्मान भी किया.

0 comments

Leave a Reply