अटल बिहारी वाजपेयी का निधन, वे 93 वर्ष के थे

नई दिल्ली. भारत रत्न और तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हो गया। वे 93 वर्ष के थे। दो महीने से एम्स में भर्ती थे। इससे पहले वे 9 साल से बीमार थे। राजनीति की आत्मा की रोशनी जैसे घर में ही कैद थी। वे जीवित थे, लेकिन नहीं जैसे। किसी से बात नहीं करते थे। जिनका भाषण सुनने विरोधी भी चुपके से सभा में जाते थे, उसी सरस्वती पुत्र ने मौन ओढ़ रखा था। अटलजी को यूरिनरी ट्रैक्ट में इंफेक्शन के बाद 11 जून को एम्स में भर्ती किया गया था। उनकी सिर्फ एक किडनी काम कर रही थी। 30 साल से अटलजी के निजी फिजिशियन डॉ. रणदीप गुलेरिया की देखरेख में एम्स में उनका इलाज चल रहा था। बुधवार रात एम्स ने मेडिकल बुलेटिन में कहा था कि अटलजी की तबीयत पिछले 24 घंटे में काफी बिगड़ गई। उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। गुरुवार सुबह जारी बुलेटिन में एम्स ने कहा कि अटलजी की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका।

0 comments

Leave a Reply