जमात इस्लामी हिन्द के ईद मिलन समारोह में JIH अध्यक्ष ने मेहमानों और राजनयिकों की उपस्थिति में उठाया वक्फ़ और गाज़ा का मुद्दा
नई दिल्ली | ईद के मौके पर जमात इस्लामी हिन्द द्वारा दिल्ली में एक भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जमात-ए-इस्लामी हिंद (जेआईएच) के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने अपने संबोधन में पूरे देश से अपील की है कि सभी मिलकर इस अन्यायपूर्ण वक्फ संशोधन अधिनियम का विरोध करें।
JIH अध्यक्ष ने विदेशी राजनयिकों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से गाज़ा में किए जा रहे इज़राईली हमलों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का आग्रह भी किया।
जमात इस्लामी हिन्द ने मंगलवार 8 अप्रैल को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एक शानदार ईद मिलन समारोह का आयोजन किया, जिसमें देश के विभिन्न समुदायों के बीच एकता और संवाद को बढ़ावा देने के लिए विदेशी राजनयिकों, अंतरधार्मिक नेताओं, राजनेताओं और अनेक प्रसिद्ध हस्तियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जेआईएच के अध्यक्ष सैयद सआदतुल्लाह हुसैनी ने सभी धर्मों और विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए लोगों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने एकता और सौहार्द को बढ़ावा देने में त्योहारों की अहमियत पर विशेष ज़ोर दिया।
उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ती नफरत और सांप्रदायिकता के माहौल पर चिंता ज़ाहिर करते हुए कहा कि देश में कुछ लोग त्योहार जैसे खुशी के अवसरों का इस्तेमाल एकता को बढ़ावा देने के बजाय विभाजन पैदा करने के लिए कर रहे हैं।
विवादास्पद वक्फ संशोधन अधिनियम के मुद्दे के बारे में बात करते हुए, जेआईएच अध्यक्ष ने इसे एक अन्यायपूर्ण कानून बताते हुए इसकी खुलकर निंदा की। धार्मिक भेदभाव और विभाजन पर आधारित इस कानून की उन्होंने न सिर्फ आलोचना की बल्कि सभी से इसके खिलाफ एकजुट होकर सामूहिक रूप से लड़ने की अपील भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न दूतावासों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए उन्होंने विदेशी राजनयिकों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से गाज़ा में चल रही हिंसा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने फिलिस्तीनियों के साथ की जा रही क्रूरता और अमानवीयता की निंदा की और वैश्विक समुदाय से कार्रवाई करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “शांति और न्याय स्थापित करने के लिए मिलकर काम करना हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है।”
ईद मिलन की यह शाम सामूहिक और आपसी संवाद की गवाह बनी और इसमें शांति, एकता, सम्मान और भाईचारे के ईद के संदेश के इस जश्न में विभिन्न क्षेत्रों के लोग एकजुट हुए।

इस कार्यक्रम में 350 से अधिक विशिष्ट मेहमानों ने भाग लिया, जिनमें आध्यात्मिक नेता, राजनयिक और राजनीतिक व्यक्तित्वों जैसी कई प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।
इस कार्यक्रम में देश के अनेक प्रमुख धार्मिक नेताओं ने भाग लिया, जिनमें गुरुद्वारा बंगला साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी रणजीत सिंह जी, ईसाई नेता एम.डी. थॉमस, ऑल इंडिया क्रिश्चियन काउंसिल के जनरल सेक्रेटरी डॉ. जॉन दयाल, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी) के महासचिव मौलाना मोहम्मद फज़लुर्रहीम मुजद्दिदी और इसके प्रवक्ता डॉ. एसक्यूआर इलियास भी शामिल रहे।
इस कार्यक्रम में 15 से अधिक राजनयिक भी शामिल हुए, जिनमें यूरोपीय संघ के राजदूत हर्वे डेल्फिन, फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला मोहम्मद सवैश, ईरानी राजदूत डॉ. इराज इलाही और पाकिस्तान के उच्चायुक्त साद अहमद वराइच शामिल रहे। फ्रांस, तुर्की, सीरिया, मोरक्को, अल्जीरिया, इंडोनेशिया और मलेशिया के वरिष्ठ राजनयिक और सलाहकार भी इस ईद मिलन समारोह में शामिल हुए, जिन्होंने जेआईएच नेताओं और अन्य मेहमानों के साथ चर्चा की।
ईद मिलन समारोह के इस कार्यक्रम में एसपी सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी, जम्मू-कश्मीर सांसद सैयद रूहुल्लाह मेहदी, सांसद इकरा हसन चौधरी, पूर्व सांसद मोहम्मद अदीब, एसपी नेता जावेद अली खान और आप विधायक आले मोहम्मद इकबाल जैसी राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद थीं। इन सभी राजनीतिक हस्तियों ने जेआईएच और एआईएमपीएलबी के प्रतिनिधियों से विशेष संवाद किया।
इस कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख हस्तियों में ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मुशावरत के दोनों गुटों के अध्यक्ष डॉ. जफरुल इस्लाम खान और एडवोकेट फ़िरोज़ अंसारी भी शामिल थे। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अपूर्वानंद झा, स्वराज अभियान के नेता योगेन्द्र यादव, मानवाधिकार कार्यकर्ता प्रो. हरगोपाल, साथ ही डॉ. सैयद ज़फर महमूद, डॉ. तस्लीम रहमानी, और एडवोकेट फ़ुज़ैल अहमद अयूबी जैसे व्यक्तित्व भी इस कार्यक्रम में शामिल थे।

इस समारोह में मुख्यधारा के मीडिया की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी भाग लिया।
मीडिया से आने वाली प्रमुख शख्सियतों में तत्कालीन चौथी दुनिया के संस्थापक और संपादक संतोष भारतीय, वरिष्ठ पत्रकार जय शंकर गुप्ता और विनय कुमार, प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया के पूर्व अधिकारी, टाइम्स ऑफ इंडिया की मोहुआ चटर्जी, द हिन्दू के वरिष्ठ पत्रकार ज़िया-उस-सलाम और वरिष्ठ पत्रकार शोम बसु, नयनिमा बसु, मनन के, शरद शर्मा, बिन्नी यादव और कविता शर्मा की मौजूदगी रही।
अन्य प्रमुख मीडिया हस्तियों में तहज़ीब टीवी के मारूफ़ रज़ा, उर्दू दैनिक रोज़नामा सहारा समूह संपादक अब्दुल माजिद निज़ामी, वरिष्ठ स्तंभकार मुज़फ़्फ़र हुसैन ग़ज़ाली और वरिष्ठ पत्रकार ए यू आसिफ और निधिश त्यागी शामिल थे।
द स्टेट्समैन के पूर्व पत्रकार सैयद नुरुज्ज़मा, एबीपी न्यूज़ के संदीप चौधरी और यूएनआई के फ़हीम अहमद और आबिद अनवर भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
जेआईएच के महासचिव टी. आरिफ अली द्वारा आमंत्रित संगठन के कई प्रमुख लोगों ने इस समारोह में भाग लिया, जिनमें जेआईएच उपाध्यक्ष प्रो. सलीम इंजीनियर, मौलाना वलीउल्लाह सईदी फलाही, मलिक मोतासिम ख़ान और राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद अहमद, मोहम्मद शफी मदनी और आई करीमुल्लाह शामिल थे।
courtesy:इंडिया टुमारो
courtesy

0 comments