केजरीवाल बोले- भाजपा सत्ता के लिए देश बेच सकती है:चंडीगढ़ मेयर जैसे छोटे चुनाव में गड़बड़ी की, लोकसभा में पता नहीं क्या करेंगे
दिल्ली में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया। AAP ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यालय घेरने का प्रयास किया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने शराब घोटाले को लेकर AAP के ऑफिस के आगे प्रदर्शन किया।
ED ने शराब घोटाले में पूछताछ के लिए अरविंद केजरीवाल को पांचवां समन जारी किया था। आज उन्हें बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आए। केजरीवाल पंजाब के CM भगवंत मान और हरियाणा के पार्टी नेताओं के साथ भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए।
केजरीवाल ने कहा- चंडीगढ़ में हमारी पार्टी का मेयर बने या BJP का, हमें फर्क नहीं पड़ता। पार्टियां आती-जाती रहती हैं, लेकिन देश के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। भाजपा ने चुनाव के साथ खिलवाड़ करना शुरू कर दिया है।
अगर भाजपा चंडीगढ़ मेयर जैसे छोटे चुनाव में इतनी बड़ी गड़बड़ी कर सकती है, तो लोकसभा चुनाव में पता नहीं क्या करेंगे। ये सत्ता के लिए देश को भी बेच सकते हैं। चंडीगढ़ का चुनाव दिखाता है कि इनके (BJP) पाप का घड़ा भर गया। जब पाप का घड़ा भर जाता है तो प्रकृति अपनी झाड़ू चलाती है।

चंडीगढ़ में भाजपा ने जीता मेयर चुनाव
दरअसल, 30 जनवरी को हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव में BJP को जीत मिली थी। AAP का आरोप है कि भाजपा ने धोखाधड़ी करके जीत दर्ज की। चुनाव अधिकारी ने जानबूझकर उनके (AAP) वोट अवैध कर दिए। इसको लेकर AAP ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की है।
200 से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में
ANI के मुताबिक AAP के 150 और भाजपा के 60 प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से AAP और भाजपा दफ्तर समेत पूरी दिल्ली में भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई।



AAP कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोकने का आरोप केजरीवाल और AAP नेताओं ने पुलिस पर प्रदर्शनकारियों को दिल्ली आने से रोके जाने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- दिल्ली में AAP के विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा हैं। ये लोग पार्टी कार्यालय आ रहे थे। ये क्या हो रहा है?
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने अपने पोस्ट में लिखा- कोंडली विधायक कुलदीप कुमार के ऑफिस के बाहर पुलिस की गाड़ी खड़ी है, ताकि उन्हें विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोका जा सके। क्या अब शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाग लेना अपराध है?

ED का केजरीवाल को पांचवां समन, लेकिन पेश नहीं हुए
केजरीवाल शराब नीति मामले में शुक्रवार (2 फरवरी) को भी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पांचवें समन पर भी पेश नहीं हुए। शराब घोटाला मामले में ED केजरीवाल को 17 जनवरी, 3 जनवरी, 21 दिसंबर और 2 नवंबर को 4 समन भेज चुकी है। केजरीवाल अब तक एक बार भी पेश नहीं हुए। इसी केस में दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया और AAP सांसद संजय सिंह जेल में हैं।
इधर, AAP ने कहा है कि ED का समन गैरकानूनी है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाना और दिल्ली सरकार को गिराना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। इससे पहले केजरीवाल ने 17 जनवरी को कहा था कि भाजपा मुझे गिरफ्तार करवाना चाहती है, ताकि मैं लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकूं।
ED को गिरफ्तारी का अधिकार, केजरीवाल कोर्ट जा सकते हैं
कानून के जानकारों के अनुसार, CM केजरीवाल के बार-बार पेश नहीं होने पर ED उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी कर सकती है। उसके बाद भी पेश नहीं हुए तो धारा 45 के तहत गैर जमानती वारंट जारी कर सकती है।
प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के जानकार बताते हैं कि पेश नहीं हो पाने की ठोस वजह बताई जाती है तो ED समय दे सकती है। फिर दोबारा नोटिस जारी करती है। PMLA एक्ट में नोटिस की बार-बार अवहेलना पर गिरफ्तारी हो सकती है।
अगर CM केजरीवाल आगे पेश नहीं होते तो जांच अधिकारी आवास पर जाकर पूछताछ कर सकते हैं। ठोस सबूत होने पर या सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं।
वहीं, केजरीवाल वारंट जारी होने के बाद कोर्ट जा सकते हैं और अपने एडवोकेट की मौजूदगी में जांच में सहयोग करने का वादा कर सकते हैं। इस पर कोर्ट ED को उन्हें गिरफ्तार नहीं करने का निर्देश दे सकती है।
CBI ने अप्रैल में केजरीवाल से पूछताछ की थी

पिछले साल अप्रैल में शराब नीति केस में CM केजरीवाल से CBI ने अपने ऑफिस में करीब साढ़े 9 घंटे तक पूछताछ की थी। इस दौरान लगभग 56 सवाल पूछे गए। केजरीवाल सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर एजेंसी के ऑफिस पहुंचे थे और रात 8:30 बजे बाहर आए।
केजरीवाल ने कहा था- मैंने CBI के सभी सवालों के जवाब दिए। हमारे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। AAP कट्टर ईमानदार पार्टी है। हम मर-मिट जाएंगे, पर कभी अपनी ईमानदारी के साथ समझौता नहीं करेंगे। वे AAP को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता हमारे साथ है।

AAP सांसद संजय सिंह गिरफ्तार: दिल्ली आबकारी केस में ED ने 10 घंटे छापेमारी की, इसी केस में मनीष सिसोदिया जेल में हैं

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ED ने 4 अक्टूबर को अरेस्ट कर किया। उनके दिल्ली वाले घर पर सुबह 7 बजे ED की टीम पहुंची। 10 घंटे तक चली छापेमारी के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई। संजय ने गिरफ्तारी से पहले अपनी मां के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें...
क्या गिरफ्तार होंगे अरविंद केजरीवाल: दिल्ली CM जेल गए तो किसे मिलेगी AAP की कमान

अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा हैं। वो दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के साथ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं। उनके नाम पर ही दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में चुनाव लड़े जाते रहे हैं।
उनके जेल जाने की स्थिति में पार्टी में लीडरशिप का संकट खड़ा हो सकता है। अरविंद केजरीवाल के बाद दूसरे नंबर पर मनीष सिसोदिया थे और तीसरे पर संजय सिंह, लेकिन अब ये दोनों नेता जेल में हैं। इससे यह संकट और बढ़ गया है।

0 comments