उत्तर प्रदेश: कासगंज में पुलिस टीम पर हमला करने वाला एक आरोपी एनकाउंटर में ढेर, मुख्य आरोपी अब भी फरार

उत्तर प्रदेश में कासगंज जिले के सिढ़पुरा क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर सिपाही की हत्या करने वाला एक आरोपी बुधवार सुबह मुठभेड़ में मारा गया। वहीं, इस कांड का मुख्य आरोपी अब भी फरार चल रहा हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सिढ़पुरा इलाके में बुधवार सुबह करीब पांच बजे काली नदी की कटरी किनारे मुठभेड़ हुई जिसमें मुख्य आरोपी मोती धीवर का भाई एलकार धीमर मारा गया। पुलिस फरार मुख्य आरोपी मोती धीवर की सरगर्मी से तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि मारे गए बदमाश एलकार के कब्जे से एक तमंचा और कुछ कारतूस मिले हैं। इसपर हत्या समेत पांच मामले दर्ज हैं जबकि मुख्य आरोपी नगला धीमर गांव हिस्ट्रीशीटर मोती धीवर पर 12 मामले दर्ज हैं। इसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी है।

घटना की सूचना पर माफियाओं को पकड़ने के लिए सिढ़पुरा औऱ अगल बगल के जिलों की पुलिस को मौके पर भेजा गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों पर रासुका लगाने के निर्देश देते हुए हमले में मारे गये कांस्टेबल देवेंद्र कुमार के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक साहयता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। 

 

0 comments

Leave a Reply