शाह बोले-बंगाल में रवींद्र संगीत की जगह धमाकों की गूंज:CAA इस देश का कानून है, हम इसे लागू करके रहेंगे
अमित शाह ने आज कोलकाता के विक्टोरिया हाउस के सामने एक रैली की। उन्होंने कहा- जिस बंगाल में कभी सुबह-सुबह रवीन्द्र संगीत सुनाई पड़ता था, आज वही बंगाल बम धमाकों से गूंज रहा है।
पूरे देश में सबसे ज्यादा चुनावी हिंसा बंगाल में होती है। वो बंगाल में घुसपैठ को रोक नहीं पा रही है। कभी ममता बनर्जी घुसपैठ के मुद्दे पर संसद पार्लियामेंट चलने नहीं देती थीं, आज खुलेआम घुसपैठियों को वोटर कार्ड और आधार कार्ड बंट रहे हैं और ममता बनर्जी चुप बैठी हैं।
जिस राज्य में इतनी घुसपैठ होती हो वहां विकास कैसे हो सकता है, इसीलिए ममता बनर्जी नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध कर रही हैं। आज मैं कहकर जाता हूं कि CAA इस देश का कानून है और हम इसे लागू करके रहेंगे। जो वहां से आए हैं वो सभी हिंदू भाइयों बहनों का इस देश पर उतना ही अधिकार है, जितना आपका और हमारा है, उनका अधिकार कोई नहीं छीन सकता।
अमित शाह के स्पीच की बड़ी बातें...
1. बंगाल सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
बंगाल में 27 साल कम्युनिस्टों का शासन रहा, तीसरे टर्म में ममता बनर्जी की सरकार बनी। दोनों ने मिलकर बंगाल को बर्बाद कर दिया। ममता दीदी 'सोनार बांगला और मां माटी मानुष' के नारे के साथ कम्युनिस्टों को हटाकर सत्ता में आई थीं, लेकिन बंगाल में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। मोजी की बंगाल के विकास के लिए लाखों रुपए भेजते हैं, लेकिन यहां का 'सिंडिकेट राज' गरीबों तक पैसा नहीं पहुंचने देता। बंगाल घुसपैठ, तुष्टिकरण, राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार की चपेट में है।
2. मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
पीएम मोदी ने पूरे देश से आतंकवाद को समाप्त किया है। कश्मीर से जिस धारा 370 को हटाने के लिए बंगाल के सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने बलिदान दिया था, उसे मोदी जी ने समाप्त किया। वामपंथी उग्रवाद को समाप्त किया। भारत के तिरंगे को चंद्रयान 3 के माध्यम से चांद पर पहुंचाया। नई संसद बनाई और देश के अर्थतंत्र को 11वें नंबर से 5वें नंबर पर पहुंचाया।
3. ममता बनर्जी बंगाल की जनता चुप नहीं कर सकती
बंगाल की जनता ने 2 करोड़ 30 लाख वोट बीजेपी को दिए, 77 सीटें दीं। हमारे नेता सुवेंदु अधिकारी को ममता दीदी ने दूसरी बार विधानसभा से बाहर कर दिया। मैं यहां कहने आया हूं दीदी कान खोलकर सुन लो, आप सुवेंदु अधिकारी को विधानसभा से बाहर तो निकाल सकती हो, लेकिन बंगाल की जनता को चुप नहीं कर सकती।
4. बंगाल में 212 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या हुई
बंगाल में 212 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्याएं हुई हैं। मैं दीदी से कहना चाहता हूं कि हम भाजपा वाले हैं, हमारा कार्यकर्ता भाई से बढ़कर होता है। दीदी भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की है, देशभर का और बंगाल का एक-एक कार्यकर्ता बदला लेने के लिए तैयार है।
5. 2024 में मोदी को पीएम बनाने की अपील की
साल 2026 के चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, लेकिन इससे पहले 2024 का चुनाव आ रहा है। 2019 में आपने बीजेपी को 18 सीटें दी थी। मैं यहां आपसे विनती करने आया हूं कि 2024 में बीजेपी को इतनी सीटें दीजिए कि पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी जी को कहना पड़ जाए कि मैं बंगाल की सपोर्ट से प्रधानमंत्री बना हूं।

बंगाल सरकार ने रैली की इजाजत नहीं दी थी
ममता बनर्जी की सरकार ने अमित शाह की इस रैली को अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद प्रदेश भाजपा ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। कोर्ट की सिंगल बेंच ने रैली की अनुमति दे दी थी। राज्य सरकार इस फैसले के खिलाफ बड़ी बेंच के पास पहुंची थी। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस टीएस सिवागनानम और जस्टिस हिरण्मय भट्टाचार्य की डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के आदेश को बरकरार रखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार की याचिका खारिज कर दी थी।
बड़ी बेंच में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार से सभा की इजाजत ना देने का कारण पूछा था। राज्य सरकार के वकील ने बताया कि विक्टोरिया हाउस कोलकाता शहर का केंद्र है। यहां सभा होगी तो शहर ठप्प हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को छोड़कर वहां कोई सभा नहीं होती है। इस पर कोर्ट ने पूछा कि 21 जुलाई को ऐसा क्या खास होता है कि इस दिन को छोड़कर वहां कोई सभा नहीं हो सकती।
कोर्ट ने कहा- बेवजह समस्या खड़ी की जा रही है
सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस की बेंच ने कहा कि इस मामले को लेकर बेवजह समस्या खड़ी की जा रही है। कोलकाता में कई ऐसी सभाएं और रैलियां हुई हैं, जिनकी इजाजत नहीं थी। इन रैलियों की वजह से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई थी और पुलिस भी उसे नियंत्रित नहीं कर पाई थी।
इसी के साथ कोर्ट ने ममता सरकार की याचिका को खारिज कर दिया और भाजपा की 29 नवम्बर को होने वाली सभा को इजाजत दे दी। कोर्ट के इस फैसले को बीजेपी ने ममता सरकार के मुंह पर तमाचा बताया था।

TMC इसी मैदान पर हर साल शहीद रैली करती है
21 जुलाई को ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) हर साल ‘शहीद’ रैली आयोजित करती है। तृणमूल कांग्रेस प्रवक्ता जॉयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि शाह की रैली के सफल होने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा- बंगाल के लोग भाजपा के साथ नहीं हैं।
आप ये खबर भी पढ़ सकते हैं...
भाजपा आई तो रामनवमी की रैलियों पर हमला नहीं होगा; बंगाल में शाह बोले- BJP दीदी के हिटलर जैसे शासन को चलने नहीं देगी

अमित शाह ने अप्रैल 2023 में पश्चिम बंगाल में कहा- अगर भाजपा 2024 में राज्य में 35 से ज्यादा सीट जीतकर सत्ता में आई, तो कोई भी रामनवमी की रैलियों पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा। भारतीय जनता पार्टी ममता दीदी के हिटलर जैसे शासन को नहीं चलने देगी।

0 comments