अमेरिकी दादागिरी की ताज़ा मिसाल यूनाइटेड नेशन को अंगूठा दिखा येरुशलम में अपने दूतावास का कर रहा है उद्घाटन
नई दिल्ली : अमेरिकी दादागिरी की ताज़ा मिसाल सामने है यूनाइटेड नेशन को अंगूठा दिखा येरुशलम में अपने दूतावास का उद्घाटन कर रहा है . अमेरिका अपने इजरायल के तेल अवीव स्थित दूतावास को येरुशलम में शिफ्ट कर उसका उदघाटन कर रहा है। इसकी सभी तैयारियां हो चुकी हैं और विशेष मेहमान के तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप इजरायल पहुंच चुकी हैं।
इसका औपचारिक उदघाटन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे। इसको लेकर सोमवार को भी गाजा पट्टी पर हिंसक झड़प होने की खबर है। आपको बता दें कि पिछले वर्ष 7 दिसंबर को ट्रंप ने येरुशलम को इजरायल की राजधानी के तौर पर मान्यता दी थी। हालांकि उनके इस फैसले की कई देशों ने निंदा की थी और इसको तनाव बढ़ाने वाला कदम बताया था।
यूनाइटेड नेशन से लेकर दुनिया के ज्यादातर देश पूरे यरुशलम पर इजरायल के दावे को मान्यता नहीं देते हैं। इस मुद्दे पर भारत ने भी अमेरिका का साथ नहीं दिया है। गौरतलब है कि इजरायल के तेल अवीव में अमेरिका को मिलाकर कुल 86 देशों का दूतावास हैं। लेकिन यरुशलम पर चल रहे विवाद को लेकर अब तक वहां किसी भी देश ने अपना दूतावास नहीं बनाया है।
तेल अवीव से येरुशलम में दूतावास बदलने से दो दिन पहले ही अमेरिकी दूतावास ने अपने ट्विटर हैंडल का नाम बदल दिया है। दूतावास ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा @usembassyta खाता @USEmbassyJerusalem में बदल दिया गया है। अमेरिकी दूतावास का सही अकाउंट हैंडल @USEmbassyjlm है।

0 comments