NCR के शहरों की हवा 'खराब' : ग्रेटर नोएडा में खतरनाक स्तर पर पहुंचा AQI, अखिलेश ने योगी सरकार पर फोड़ा ठीकरा
एनसीआर के शहरों की हवा एक बार फिर खराब होने लगी है। गुरुवार को ग्रेटर नोएडा देश के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक रहा। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 404 दर्ज किया गया। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के अनुसार, गुरुवार को ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 404 दर्ज किया गया, जबकि गाजियाबाद का एक्यूआई 382, नोएडा का 344, फरीदाबाद का 330, नई दिल्ली का 308 और गुरुग्राम का एक्यूआई 312 दर्ज किया गया। ऐप के अनुसार, आगरा का एक्यूआई 320, बागपत का 344, बल्लभगढ़ का 359, भिवानी का 185, लखनऊ का 337, मेरठ का 370, मुरादाबाद का 357, मुजफ्फरनगर का 320, पानीपत का 289 और सोनीपत का एक्यूआई 311 दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि 0 और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' (आपात) श्रेणी में माना जाता है।
अखिलेश ने बढ़ते प्रदूषण के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया
वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्विस संगठन द्वारा जारी वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के आधार पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा है। अखिलेश ने गुरुवार को ट्वीट किया कि अगर प्रदेश की भाजपा सरकार उनकी पूर्ववर्ती सरकार में शुरू किए गए पर्यावरण संरक्षण में योगदान करने वाले कार्यों को नहीं रोकती तो आज उसे यह दिन नहीं देखना पड़ता।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के 30 सबसे प्रदूषित शहरों में 10 शहर उत्तर प्रदेश के हैं और राजधानी लखनऊ दुनिया में नौवें नंबर पर है। अगर सपा सरकार के सार्वजनिक परिवहन मेट्रो, साइकिल ट्रैक, गोमती रिवर फ़्रंट, पार्क और सफारी जैसे पर्यावरणीय काम न रोके होते तो आज भाजपा सरकार को यह दिन नहीं देखना पड़ता।
गौरतलब है कि स्विस संगठन 'आईक्यू एयर की ओर से मंगलवार को जारी 'वर्ल्ड एयर क्वालिटी रिपोर्ट 2020 के मुताबिक, दुनिया के सबसे प्रदूषित 30 शहरों में से 22 भारत में हैं। इनमें लखनऊ नौवें स्थान पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में भारत प्रमुखता से दिख रहा है और विश्व के सबसे प्रदूषित 30 शहरों में से 22 भारत के हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन का शिनजियांग दुनिया में सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर है। उसके बाद शीर्ष 10 में से नौ शहर भारत के हैं। दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में गाजियाबाद दूसरे स्थान पर है। उसके बाद बुलंदशहर, बिसरख जलालपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, कानपुर, लखनऊ और भिवाड़ी का नंबर आता है। इन शहरों में प्रदूषण का स्तर पीएम2.5 के आधार पर मापा गया है।
30 सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में भारत के 22 शहर
विश्व के 30 सर्वाधक प्रदूषित शहरों की सूची में भारत के 22 शहर शामिल हैं। इसमें गाजियाबाद, बुलंदशहर, बिसरख, भिवाड़ी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, फरीदाबाद, मेरठ, जींद, हिसार, आगरा, बहावलपुर, मुजफ्फरनगर, फतेहाबाद, बंधवाड़ी, गुरुग्राम, यमुनानगर रोहतक, मुजफ्फरपुर शामिल हैं।

0 comments