दिल्ली / आप के सभी 70 उम्मीदवार घोषित

Advt
नई दिल्ली. आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। 15 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं। 46 विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया। 5 विधायक पार्टी छोड़ चुके थे, इनकी जगह नए चेहरों को मौका मिला है। जिन 4 सीटों पर अभी भाजपा का कब्जा है, वहां भी आप ने नए चेहरे उतारे हैं। पार्टी ने 8 महिलाओं को टिकट दिया। पिछली बार 6 महिलाओं को टिकट मिला था, इनमें सभी को जीती थीं।
2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 70 में से 67 सीटें मिली थीं। भाजपा ने 3 सीटें जीती थीं। 2017 में उपचुनाव के बाद राजौरी गार्डन सीट भाजपा ने जीती थी।
दलबदलुओं को टिकट, विधायक का आरोप- टिकट बेचा गया
आप ने दलबदलुओं को भी टिकट देने से परहेज नहीं किया। एक दिन पहले पार्टी ज्वाइन करने वाले दो नेताओं को टिकट दिया गया। इनमें कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा के बेटे विनय शामिल हैं। विनय को द्वारका से टिकट दिया गया, जहां पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते आदर्श शास्त्री विधायक हैं। सोमवार को ही आप में आने वाले बदरपुर के पूर्व विधायक राम सिंह नेताजी को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। राम सिंह को टिकट मिलने के बाद मौजूदा विधायक नारायण दत्त शर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। शर्मा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर टिकट बेचने का आरोप लगाया। शर्मा ने केजरीवाल और सिसोदिया पर एक भू माफिया से टिकट के बदले 20 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया। पार्टी में भी विधायकों से पैसे मांगे जा रहे हैं।
छह दिन पहले कांग्रेस से आप में आए शोएब इकबाल को टिकट
मटिया महल सीट से पांच बार विधायक रहे शोएब इकबाल को भी पार्टी ने टिकट दिया है। इकबाल छह दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ आप में शामिल हुए हैं। यहां से फिलहाल असीम अहमद खान विधायक हैं। असीम 2015 में आप की जीत के बाद केजरीवाल की पहली कैबिनेट का हिस्सा थे। भ्रष्टाचार के आरोप के चलते उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर दिया गया था। पार्टी ने पिछली बार की तरह इस बार भी 6 मुस्लिम चेहरों को टिकट दिया। 4 मौजूदा विधायक फिर से चुनाव मैदान में हैं। वहीं, मुस्तफाबाद से हाजी यूनुस को उतारा गया है। यहां 2015 में भाजपा के जगदीश प्रधान जीते थे जबकि आप के मोहम्मद युनुस को हार का सामना करना पड़ा था।
अलका लांबा की सीट पर प्रह्लाद सिंह को टिकट
इस बार पार्टी ने 8 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। 2015 में आप ने 6 महिलाओं को टिकट दिया था। सभी जीती थीं। पिछली बार जीतीं राखी बिड़ला, सरिता सिंह, प्रमिला टोकस, भावना गौड़ और बंदना कुमारी को फिर से टिकट दिया गया है। वहीं, आतिशि मार्लेना (कालकाजी), राजकुमारी ढिल्लों (हरि नगर) और धनवती चंदेला (राजौरी गार्डन) को पार्टी ने इस बार मौका दिया है। पिछले चुनाव में चांदनी चौक से जीतीं अलका लांबा पार्टी छोड़ चुकी हैं। उनकी सीट पर पार्टी ने प्रह्लाद सिंह को टिकट दिया है।
2015 में जहां आप हारी, वहां किसे टिकट
2015 में आम आदमी पार्टी को रोहिणी, मुस्तफाबाद और विश्वास नगर में हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी ने रोहिणी से राजेश बंसीवाला को टिकट दिया। यहां से भाजपा के विजेंद्र गुप्ता विधायक हैं। 2015 में उन्होंने आप के सीएल गुप्ता को हराया था। विश्वास नगर से पार्टी ने दीपक सिंगला को उतारा है। 2015 में यहां से भाजपा के ओमप्रकाश शर्मा जीते थे। शर्मा ने आप के डॉ. अनिल गुप्ता को हराया था। मुस्तफाबाद से हाजी यूनुस को टिकट मिला है। वहीं, 2017 में राजौरी गार्डन सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के मनजिंदर सिंह सिरसा जीते थे। पार्टी ने यहां से धनवती चंदेला को टिकट दिया है। इनके अलावा 5 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। इसके अलावा 15 मौजूदा विधायकों के टिकट पार्टी ने काट दिए हैं।
पार्टी छोड़ने वाले विधायकों की सीट पर किसे मिला टिकट
| सीट | पार्टी छोड़ने वाले विधायक | किसे टिकट मिला |
| चांदनी चौक | अलका लांबा | प्रह्लाद सिंह |
| करावल नगर | कपिल मिश्रा | दुर्गेश पाठक |
| बिजवासन | देवेंद्र सहरावत | बीएस जून |
| सुल्तानपुर माजरा | संदीप कुमार | मुकेश अहलावत |
| गांधी नगर | अनिल वाजपेई | नवीन चौधरी |
उम्मीदवारों की लिस्ट
| विधानसभा सीट | उम्मीदवार |
| नरेला | शरद चौहान |
| बुराड़ी | संजीव झा |
| तिमारपुर | दिलीप पांडेय |
| आदर्श नगर | पवन शर्मा |
| बादली | अजेश यादव |
| रिठाला | महेंद्र गोयल |
| बवाना | जयभगवान उपकार |
| मुंडका | धर्मपाल लाकड़ा |
| किराड़ी | ऋतुराज झा |
| सुल्तानपुर मजरा | मुकेश कुमार अहलावत |
| नांगलोई जाट | रघुविंदर शौकीन |
| मंगलोपुरी | राखी बिड़ला |
| रोहिणी | राजेश बंसीवाला |
| शालीमारबाग | बंदना कुमारी |
| शकूर बस्ती | सत्येंद्र जैन |
| त्रि नगर | जितेंदर तोमर |
| वजीरपुर | राजेश गुप्ता |
| मॉडल टाउन | अखिलेशपति त्रिपाठी |
| सदर बाजार | सोमदत्त |
| चांदनी चौक | प्रहलाद सिंह |
| मटियामहल | शोएब इकबाल |
| बल्लीमारान | इमरान हुसैन |
| करोल बाग | विशेष रवि |
| पटेल नगर | राजकुमार आनंद |
| मोती महल | शिवचरण गोयल |
| मंडीपुर | गिरीश सोनी |
| राजौरी गार्डन | धनवती चंदेला |
| हरिनगर | राजकुमारी ढिल्लों |
| तिलक नगर | जरनैल सिंह |
| जनकपुरी | राजेश ऋषि |
| विकासपुरी | महेंद्र यादव |
| उत्तम नगर | नरेश बाल्यान |
| द्वारका | विनय कुमार मिश्रा |
| मटियाला | गुलाब सिंह यादव |
| नजफगढ़ | कैलाश गहलोत |
| बिजवासन | बीएस जून |
| पालम | भावना गौड़ |
| दिल्ली कैंट | वीरेंद्र सिंह कदियान |
| राजेंद्र नगर | राघव चड्ढा |
| नई दिल्ली | अरविंद केजरीवाल |
| जंगपुरा | प्रवीण कुमार |
| कस्तूरबानगर | मदन लाल |
| मालवीय नगर | सोमनाथ भारती |
| आरके पुरम | प्रमिला टोकस |
| मेहरौली | नरेश यादव |
| छतरपुर | करतार सिंह तंवर |
| देवली | प्रकाश जरवाल |
| अंबेडकर नगर | अजय दत्त |
| संगम विहार | दिनेश मोहनिया |
| ग्रेटर कैलाश | सौरभ भारद्वाज |
| कालकाजी | आतिशि मरलेना |
| तुगलकाबाद | सहीराम पहलवान |
| बदरपुर | राम सिंह नेताजी |
| ओखला | अमानतुल्लाह खान |
| त्रिलोकपुरी | रोहित कुमार मेहरौलिया |
| कोंडली | कुलदीप कुमार |
| पटपड़गंज | मनीष सिसोदिया |
| लक्ष्मी नगर | नितिन त्यागी |
| विश्वास नगर | दीपक सिंगला |
| कृष्णा नगर | एसके बग्गा |
| गांधीनगर | नवीन चौधरी |
| शाहदरा | रामनिवास गोयल |
| सीमापुरी | राजेंद्र पाल गौतम |
| रोहतासनगर | सरिता सिंह |
| सीलमपुर | अब्दुल रहमान |
| घोंडा | एसडी शर्मा |
| बाबरपुर | गोपाल राय |
| गोकलपुर | सुरेंद्र कुमार |
| मुस्तफाबाग | हाजी यूनुस |
| करवाल नगर | दुर्गेश पाठक |

0 comments