हैती में भूकंप से तबाही:कैरेबियाई देश में भूकंप से अब तक 1297 की मौत, 2800 से ज्यादा घायल; 2868 घर टूटे
कैरेबियाई देश हैती में शनिवार और रविवार को आए शक्तिशाली भूकंप से मरने वालों की संख्या 1,297 हो गई है। देश के सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी के हेड जेरी चांडलर के मुताबिक, 2,800 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। ज्यादातर मौतें देश के दक्षिणी इलाके में हुईं हैं। यहां लगभग 500 लोगों की जान गई है।
एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से 2,868 घर टूट गए हैं और 5,410 को नुकसान हुआ है। भूकंप से कई अस्पताल तबाह हो गए हैं। सड़कें टूट गईं हैं, जिससे चीजों की सप्लाई और आवाजाही पर असर पड़ा है।
प्रधानमंत्री एरियल हेनरी ने कहा, "अभी लोगों तक इलाज की सुविधा पहुंचाने की तुरंत जरूरत है। हमने प्रभावित इलाकों में हेल्थकेयर वर्कर्स और दवाएं भेजना शुरू कर दिया है। जिन लोगों को तुरंत स्पेशल ट्रीटमेंट की जरूरत है, हमने उनमें से कुछ लोगों को निकाल लिया है।"
अमेरिका ने दिया मदद का भरोसा
हैती में शनिवार को 7.2 और रविवार को 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था। यूरोपियन मेडिटेरियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर के मुताबिक, भूकंप का केंद्र लेस केस शहर से उत्तर-पश्चिम में 41 किलोमीटर की दूरी पर था। इसकी गहराई करीब 30 किलोमीटर आंकी गई है। इस बीच अमेरिका ने हैती को मदद का भरोसा दिलाया है।
हैती के लिए दोहरा संकट
हैती बहुत छोटा सा देश हैं। इसकी कुल जनसंख्या एक करोड़ 10 लाख है। 2010 में यहां भूकंप ने सबकुछ तबाह कर दिया था। तब तीन लाख लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद 2016 में यहां मैथ्यू ने तबाही मचाई थी। उसमें दो हजार लोग मारे गए थे। देश में इस वक्त सियासी संकट भी चल रहा है। सात जुलाई को यहां के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइस की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से हालात काफी अस्थिर हैं।
भूकंप के बाद देश में खाने-पीने सहित दूसरी बुनियादी चीजों की सप्लाई की कमी हो गई है। कई अस्पतालों को भी नुकसान हुआ है। इससे घायलों के इलाज में दिक्कत हो रही है। खुले में बिस्तर लगाकर उनका इलाज किया जा रहा है। कई इमारतें गिर गई हैं। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी है।
अमेरिका के अलास्का में भी लगे थे झटके
अमेरिका के अलास्का में भी शनिवार को 6.9 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, यहां किसी नुकसान की खबर नहीं है। इससे पहले 28 जुलाई को भी अलास्का में भयानक भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इससे लोग दहशत में आ गए थे। इस भूकंप की तीव्रता 8.2 बताई गई थी। इन झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी।

0 comments