किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र से 500 किसानों का दल जयपुर पहुंचा

जयपुर | केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए महाराष्ट्र के 500 से ज्यादा किसानों का जत्था बुधवार को जयपुर पहुंचा. जयपुर पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने किसानों का गरमजोशी के साथ स्वागत किया. किसानों के रुकने और खाने की व्यवस्था गुरुद्वारा गुरु नानक देव जी साहेब, रामगढ मोड़ जयपुर में की गई है.

यह किसान महाराष्ट्र के नासिक, औरंगाबाद, गढ़ चिरौली आदि अलग अलग जगह से 2 जनवरी को रवाना हुए थे.

किसानो के साथ वो विधवा महिलाएं भी बड़ी संख्या में आई हैं जिनके किसान पतियों ने कर्ज के बोझ की वजह से आत्महत्या कर ली थी.

इन महिला किसानों का कहना है कि पति के आत्महत्या करने के बाद हम अपने बच्चों के साथ किस बदहाली में गुज़र बसर कर रहे हैं, खेती में हमें किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है यह बताने के लिए ही अपने गांवों से दिल्ली के लिए निकले हैं.

इंडिया टुमारो  रहीम खान की रिपोर्ट के मुताबिक सीपीआई के राजस्थान राज्य सचिव नरेंद्र आचार्य ने  बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बनाये गए कृषि कानूनों के ख़िलाफ़ अपना विरोध दर्ज कराने व आंदोलन में भागीदारी करने महाराष्ट्र से किसानों का दल अखिल भारतीय किसान सभा के नामदेव गावड़े, प्रकाश रेड्डी, सत्य शोधक शेतकरी सभा के किशोर ढमाले, सुभाष दादा, करण सिंह कोंकणी और प्रशांत सोनवणे के नेतृत्व में मध्यप्रदेश से राजस्थान में कोटा होते हुए जयपुर पहुँचा है.

किसानों का यह काफिला आज जयपुर में रात्रि विश्राम करने के बाद यह सभी किसान कल सुबह शाहजहांपुर बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होंगे.

जयपुर पहुँचने पर विभिन्न संगठनों द्वारा किसानों का स्वागत किया गया जिसमें माकपा की सुमित्रा चौपड़ा, एटक के कुणाल रावत, भाकपा माले के राहुल चौधरी, ममता चौधरी, राजस्थान नागरिक मंच के बसन्त हरियाणा, राजस्थान समग्र सेवा संघ के अनिल गोस्वामी, समाजवादी पार्टी के शैलेन्द्र अवस्थी, छबड़ा नगरपालिका के पार्षद हस्सान खान, एन एफ आई डब्ल्यू की निशा सिध्धु, एप्सो की सुनीता चतुर्वेदी, रमेश शर्मा, साहित्यकार व पत्रकार प्रोफेसर मोहन क्षोत्रिय, प्रोफेसर मो.हसन, सुधांशु मिश्र सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे.

0 comments

Leave a Reply