WJAI ने वरिष्ठ पत्रकार की राजनीतिक गिरफ्तारी की तीव्र निंदा की
गाजियाबाद: वरिष्ठ पत्रकार इमरान खान की गिरफ्तारी पर वेब जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया (WJAI) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इमरान खान, जो WJAI के दिल्ली-एनसीआर चैप्टर के महासचिव हैं, की गिरफ्तारी को संगठन ने राजनीति से प्रेरित बताते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार करार दिया है।
WJAI के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, "गाजियाबाद पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई एकतरफा है और पूरी तरह से सांसद अतुल गर्ग की शिकायत पर आधारित है। इमरान खान ने अपने पत्रकार धर्म का पालन करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की रिपोर्टिंग की, और इस आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई अनुचित है।"
राष्ट्रीय महासचिव अमिताभ ओझा ने भी इस गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए कहा कि पत्रकार का कर्तव्य सच को उजागर करना है, और इमरान खान ने यही किया। दिल्ली-एनसीआर चैप्टर के अध्यक्ष पंकज प्रसून ने गाजियाबाद पुलिस के रवैये की निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला है और इससे प्रेस की स्वतंत्रता खतरे में है।
WJAI ने यूपी सरकार से पत्रकार इमरान खान की तुरंत रिहाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो संगठन विरोध प्रदर्शन करेगा और न्याय की मांग करेगा।

0 comments