विभागीय पक्षपात के कारण दयनीय स्थिति में पहुंची यूनानी पैथी

नई दिल्ली। ऑल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली स्थित संस्था के मुख्य संरक्षक डॉ. सैयद फारूक के निवास पर प्रोफेसर गुलाम कुतुब चिशती की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में 22 प्रांतों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि आज से सात साल पूर्व जब 2014 में आयुष मंत्रालय का गठन हुआ था उस समय यूनानी पैथी के सम्पूर्ण विकास की आशा जागी थी, परंतु विभागीय पक्षपात के कारण यूनानी पैथी दयनीय स्थिति को पहुंच गई है।

बैठक में मुख्य अतिथि प्रोफेसर एम ए जाफरी (पूर्व वीसी जामिया हमदर्द) ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, सदैव हालात एक जैसे या अनुकूल नहीं होते हैं हमें सकारात्मक प्रयास करने की जरूरत है। वहीं प्रोफेसर इदरीस ने हकीम अजमल खां का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नक्श ए कदम पर आंदोलन चलाया जाए और यूनानी पैथी के वजूद को बचाया जाये। इस अवसर पर प्रोफेसर मु. असलम ने कहा कि एकेडमिक बिरादरी की बेदारी से हमें पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हम आशा करते हैं कि केंद्र सरकार यूनानी पैथी के साथ हो रहे भेदभाव को जल्द दूर करेगी।

0 comments

Leave a Reply