सूफी साहब के उर्स में उमड़े देश-विदेश के ज़ायरीन

अकीदतमंदों ने चढ़ाई आस्था की चादर।

सैफ़ सिद्दीक़ी की रिपोर्ट 

संत कबीर नगर  : प्रख्यात इस्लामिक विद्वान सूफ़ी निजामुद्दीन साहब का नौंवा उर्स संत कबीर नगर ज़िले के सेमरियावां ब्लाक स्थित उनके पैतृक गांव अगया में गुरुवार को शुरू हुआ।उर्स में भारी संख्या में देश के कोने-कोने से आए अकीदतमंदों ने पूरे अकीदत के साथ नारे बुलंद करते हुए आस्था की चादर चढ़ाई।मुरीद अल्लाहो अकबर व नारे रिसालत की सदाएं लगाते रहे। 


उर्स की शुरुआत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह नमाज़े फज्र के बाद कुरानख्वानी से हुई।ज़ोहर की नमाज़ के बाद लगभग तीन बजे चादर चढ़ाने के लिए सज्जादा नशीन मौलाना हबीबुर्रहमान साहब के नेतृत्व में लोगों ने भव्य जुलूस निकाला और मजार पर पहुंच कर चादर चढ़ाई।इस दौरान मध्यप्रदेश, गुजरात, अहमदाबाद, दिल्ली एवं नेपाल से आए मुरीदों ने चादर चढ़ाई। चादर चढ़ाने के बाद मुरीदों ने मजार पर फातिहा पढ़कर अमन की दुआएं मांगी।चादर पोशी के लिए पालकी पर सवार होकर सज्जादा नशीन मौलाना हबीबुरर्हमान खानकाह पर पहुंचे।पालकी के पीछे हजारों अकीदतमंदों का हुजूम निकला।


कई गांवों से निकला जुलूस


क्षेत्र के गांव-गांव में फैले सूफी साहब के मुरीदों ने अपने गांवों से भी खानकाह तक जुलूस निकाला और खानकाह पर पहुंच कर चादर चढ़ाई।इनमे प्रमुख रूप से अमावां ,निमावां, थुरन्डा, चाईं कला, देवरिया लाल, बसडीला, सुजिया, कैथवलिया, अतरवलिया,पसतोरवा, छाता,डिहवा,बभनी,बौरा,बत्सी-बतसा,सिसवा दाखिली, पकरी आराजी, लोहरौली, परसा शेख,गंगैचा, दशावां, सुकरौली,अगया,सिसवा फतहुल्लाह,सोनौरा गौसी,सुहावां पचपोखारिया आदि गांव के लोग शामिल रहे।जुलूस में शामिल हर अकीदतमंद सूफी साहब का दीवाना नजर आया।


उर्स में लगी पुस्तकों की प्रदर्शनी


उर्स के दौरान खानकाह में पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में सूफी साहब की ओर से लिखी गई दर्जनों किताबों के साथ सूफी साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर लिखी गई किताबें रखी गई।मुरीदों ने जमकर किताबों की खरीददारी की।इशा की नमाज़ के बाद निजामी कान्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। सज्जादानशीन मौलाना हबीबुर्रहमान के साहबजादे तथा आल इंडिया बज्मे निजामी के जनरल सेक्रेटरी मौलाना जियाउल मुस्तफा निजामी ने बताया कि मंगलवार को सुबह में मजार पर कुल शरीफ के आयोजन के बाद उर्स का समापन होगा।

0 comments

Leave a Reply