दिल्ली में अचानक बढ़ी गर्मी, अब बारिश के आसार

इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन 42.2° सेल्सियस 28 अप्रैल को दर्ज किया गया। जबकि मई का सबसे गर्म दिन 41.6° सेल्सियस 04 मई को दर्ज किया गया था

 

08 जून को दिल्ली में तापमान ने 40° डिग्री का निशान छू लिया। हालांकि हफ़्ते के अंत तक राहत मिलने के आसार हैं।

नई दिल्ली : (शादाब खान की रिपोर्ट  ) राजधानी दिल्ली में कल जून के महीने का सबसे गर्म दिन रहा। कल दिल्ली में तापमान 40.3° सेल्सियस रहा। दिल्ली ने 10 दिन के अंतराल के बाद 40° का निशान पार किया है।

इससे पहले 28 मई को दिल्ली का तापमान 40.1° सेल्सियस दर्ज किया गया था। आमतौर पर दिल्ली की गर्मी मई-जून में अपने उरूज पर पहुंच जाती है लेकिन इस साल ऐसा देखने को नहीं मिला। मई की तुलना में अप्रैल ज़्यादा गर्म रहा।

इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन 42.2° सेल्सियस  28 अप्रैल को दर्ज किया गया। जबकि मई का सबसे गर्म दिन 41.6° सेल्सियस  04 मई को दर्ज किया गया था। इसका मुख्य कारण पूर्वी भारत में साइक्लोन यास से पहले उठा मॉनसून अवसाद है। यास तूफ़ान के कारण मई 2021बाक़ी वर्षों की तुलना में ठंडा रहा।

19 मई को दिल्ली का तापमान 23.8° दर्ज किया गया जो कि 1951 से अब तक मई का सबसे ठंडा दिन है। जून के पहले हफ़्ते में भी यही चलन देखने को मिला। हालांकि शुक्रवार से पहले-पहले दिल्ली में गर्मी की एक छोटी सी लहर देखी जा सकती है।

बुधवार व गुरुवार को दिल्ली में तापमान 41-42° सेल्सियस रहेगा। बंगाल की खाड़ी से उठने वाली हवाओं के कारण हफ़्ते के अंत में हल्की बारिश के आसार हैं जिसके बाद दिल्ली का तापमान दोबारा 34° से नीचे जा सकता है। इसके अलावा पश्चिमी तट में भी हलचल के आसार हैं जो पंजाब व हरियाणा तक पहुंचेगी। नतीजतन दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में 12 से 14 जून की बीच भारी बारिश व तेज़ हवाएं देखी जा सकती हैं।

 

0 comments

Leave a Reply