दुनिया में अब तक 48.18 लाख संक्रमित और 3.16 लाख मौतें

वॉशिंगटन. दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 48 लाख 20 हजार 347 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 18 लाख 64 हजार 118 ठीक हुए हैं। वहीं, मौतों का आंकड़ा 3 लाख 16 हजार 953 हो गया है। कतर में सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य है। नियम तोड़ने वाले को तीन साल तक की जेल हो सकती है। देश में अब तक 32 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 15 लोगों की जान जा चुकी है।

लॉकडाउन के बीच म्यूजियम में घुसपैठ
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में एक आदमी कोरोना के चलते बंद पड़े म्यूजियम में घुस गया। वह रात के वक्त म्यूजियम में दाखिल हुआ। वहां उसने कई प्राचीन डिस्पले के पास जाकर सेल्फी लीं और देर रात तक म्यूजियम के गलियारों और हॉल में घूमता रहा। उसकी तमाम हरकतें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं।

कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 15,27,951 90,980 3,46,389
रूस 2,90,678 2,722 70,209
स्पेन 2,77,719 27,650 1,95,945
ब्रिटेन 2,43,695 34,636 उपलब्ध नहीं
ब्राजील 2,41,080 16,118 94,122
इटली 2,25,435 31,908  1,25,176
फ्रांस 1,79,569 28,108 61,213
जर्मनी 1,76,651 8,049 1,53,400
तुर्की 1,49,435 4,140 1,09,962
ईरान 1,20,198 6,988 94,464

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

 

 
वुहान में 3 दिन में 4 लाख टेस्ट
चीन में कोरोना का एपिसेंटर रहे वुहान में तीन दिन में चाल लाख टेस्ट किए जा चुके हैं। संक्रमण की दूसरी लहर आने के बाद सरकार ने 14 मई से सभी 1.1 करोड़ निवासियाें का काेराेना टेस्ट शुरू किया है। स्थानीय प्रशासन ने टेस्टिंग प्रक्रिया काे ‘10-दिन की लड़ाई’ नाम दिया है। यहां अब तक संक्रमण के 50 हजार मामले सामने आ चुके हैं और 3,800 लाेगाें की माैत हाे चुकी है।

वुहान में कोरोना की जांच के लिए लाइन में लगे लोग। यहां दूसरी लहर आने के बाद सरकार पूरी जनसंख्या का टेस्ट करा रही है।

मध्य-पूर्व देश में स्थिति

  • कतर और कुवैत में सार्वजनिक जगहों पर मास्क नहीं पहनने पर सजा देने का प्रावधान किया गया है। कतर में नियम तोड़ने वालों को तीन साल तक की जेल, जबकि कुवैत में अधिकतम तीन महीने की जेल होगी।
  • लेबनान में चार दिन का लॉकडाउन खत्म हो गया है। हालांकि रात भर कर्फ्यू लगा रहेगा। पिछले हफ्ते लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील देने के बाद संक्रमण के मामले बढ़ने शुरू हुए थे।
  • एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) और मेडिक्स का कहना है कि यमन के पोर्ट सिटी अदन में सामान्य से पांच गुना ज्यादा मौतें हुई हैं।

रूस: 8926 नए मामले
रूस में 24 घंटे में 8926 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 91 लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक संक्रमण के 2 लाख 90 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। वहीं, 27 हजार 650 लोगों की जान जा चुकी है। रूस संक्रमण के मामले में इमेरिका के बाद दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। 

ब्राजील की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई

ब्राजील के अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां इमरजेंसी बेड की कमी हो गई है। देश में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित साओ पाउलो के मेयर ने कहा है कि सरकारी अस्पताल अपनी क्षमता के हिसाब से 90% भर चुके हैं।

ब्राजील में एक इलाके को डिसइन्फेक्ट करने जाते प्रोटेक्टिव सूट पहने सैनिक।

कई यूरोपीय देशों में लॉकडाउन प्रतिबंधों में राहत

  • स्पेन के मैड्रिड और बार्सिलोना के बाहर रहने वाले लोग 10 की संख्या में जमा हो सकते हैं।

  • बेल्जियम कुछ शर्तों के साथ प्राइमरी और मिडिल स्कूल फिर से खोलना शुरू करेगा।

  • पुर्तगाल, ग्रीस, डेनमार्क और आयरलैंड भी अपने लॉकडाउन प्रतिबंधों को कम कर रहे हैं।

  • इटली में सोमवार से दुकाने, रेस्टोरेंट, सैलून, बीच खोल दिए जाएंगे। यहां करीब 10 हफ्ते से लॉकडाउन लगा है।

न्यूयॉर्क के गवर्नर ने लाइव कार्यक्रम में करोना टेस्ट करवाया

न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो ने पत्रकारों के सामने लाइव ब्रीफिंग के दौरान कोरोनोवायरस का टेस्ट करवाया। क्यूमो ने कहा कि वे यह दिखाना चाहते थे कि टेस्ट कितना तेज और आसान है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर दिन करीब 40 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। न्यूयॉर्क अमेरिका में महामारी का एपिसेंटर रहा है। यहां 24 घंटे में 139 लोगों की जान गई है। मौतों का आंकड़ा 28 हजार 325 हो गया है।

पत्रकारों के सामने लाइव ब्रीफिंग के दौरान कोरोनोवायरस का टेस्ट करवाते न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्रयू क्यूमो।

अमेरिका: 90 हजार से ज्यादा मौतें
अमेरिका में 24 घंटे में 820 लोगों की जान गई है। मरने वालों का आंकड़ा 90 हजार से ज्यादा हो गया है। यहां हर दिन होने वाली मौतों में कमी आई है। देश में 15 लाख 27 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी सबसे ज्यादा प्रभावित है। अकेले न्यूयॉर्क में संक्रमण के तीन लाख से ज्यादा केस हैं। न्यूजर्सी में एक लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जबकि 10 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।


  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को ‘सबसे अयोग्य राष्ट्रपति’ बताया। ट्रम्प का बयान ओबामा की आलोचना के बाद आया है। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बताया, ‘‘वे अयोग्य राष्ट्रपति थे। मैं यहीं कह सकता हूं। सबसे अयोग्य।’’

  • ओबामा ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के तौर-तरीकों की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि महामारी ने देश के नेतृत्व में विफलताओं को उजागर किया है। 
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने रविवार को 10 वर्षीय भारतवंशी बच्ची को सम्मानित किया। बच्ची कोरोना से लड़ने वाले फायर फाइटर्स और नर्सों को कुकीज डोनेट करती है। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों को ग्रीटिंग कार्ड भेजती है।

न्यूयॉर्क में सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन करते हुए पार्क में बैठे लोग। मामले कम होने के बाद यहां पार्कों में जाने की इजाजत दी गई है।

हो सकता है वैक्सीन कभी तैयार न हो: ब्रिटिश अधिकारी

लंदन के व्यापार सचिव आलोक शर्मा ने कहा है कि हो सकता है कि ब्रिटेन में कभी कोरोना का वैक्सीन तैयार न हो। उन्होंने रविवार को लंदन में एक प्रेस ब्रीफ में कहा हमारे वैज्ञानिकों के बिना थके कोशिश करने के बाद भी ऐसा संभव है कि हम कभी कोरोना का सफल वैक्सीन न बना सकें। हालांकि, उन्होंने कहा कि दुनिया के दो शीर्ष वैक्सीन निर्माता ब्रिटेन में हैं। ये ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और इंपेरियल कॉलेज ऑफ लंदन हैं। अब तक सरकार दोनों संस्थानों के वैक्सीन तैयार करने पर 47 मिलियन पाउंड (करीब 431.46 करोड़) रु. निवेश कर चुकी है।
फ्रांस: 28 हजार लोगों की मौत
फ्रांस में 24 घंटे में 483 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या 28 हजार 108 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार बताया कि रविवार को अस्पतालों में 54 लोगों की मौत हुई जबकि वृद्धाश्रमों में 429 जान गई। देश में 1 लाख 79 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। फ्रांस ने अपनी सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए दो महीने से लागू लॉकडाउन के नियमों में ढील दी है। यहां कुछ आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने की इजाजत है। स्वास्थ्य मंत्री ओलिवर वीरन ने कहा है कि 10 से 15 दिनों के दौरान स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

लॉकडाउन में ढील के बाद सीन नदी के किनारे टहलते लोग। देश में 1.79 लाख लोग संक्रमित हैं।

नेपाल: लॉकडाउन 2 जून तक बढ़ा

नेपाल में लॉकडाउन 2 जून तक बढ़ा दिया गया है। संक्रमण को देखते हुए मंत्रिमंडल ने इसे और 15 दिन बढ़ाने का फैसला किया है। देश में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 295 लोग संक्रमित हैं।
इटली: नए मामले और मौतों में कमी
इटली में प्रतिबंधों में राहत दिए जाने से एक दिन पहले देश में सबसे कम 145 मौतें दर्ज की गई। यह आंकड़ा लॉकडाउन लगाने के बाद सबस कम है। अब यहां हर दिन होने वाली मौतों में कमी आ रही है। वहीं, 24 घंटे में 675 नए केस मिले हैं। यह आंकड़ा 4 मार्त के बाद सबसे कम है। एक दिन पहले शनिवार को 875 नए केस मिले थे, जबकि 153 मौतें हुी थीं। सोमवार से देश में 10 हफ्ते से जारी लॉकडाउन में सबसे बड़ी राहत दी जाएगी। दुकान, रेस्टोरेंट, सैलून, बीच खोल दिए जाएंगे।

प्रतिबंधों में राहत के बाद इटली के एक पार्क में बैठे लोग। देश में सोमवार से रेस्टोरेंट और सैलून भी खोल दिए जाएंगे।

ब्रिटेन: गंध और स्वाद महसूस न होना कोरोना के लक्षण

ब्रिटेन में गंध और स्वाद महसूस न होना कोरोना के आधिकारिक लक्षण में शामिल किए गए हैं। इससे पहले तक केवल खांसी और बुखार के आधार पर ही लोगों को आइसोलेट होने की सलाह दी जाती थी। डॉक्टर कई हफ्तों से नाक, कान और गले को भी लक्षणों मं शामिल किए जाने की बात कह रहे थे।

ब्राजील: 16 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

लैटिन अमेरिकी देश ब्राजील में 24 घंटे में 485 लोगों की मौत हो गई है। यहां मृतकों की संख्या 16 हजार 118 पहुंच गई है। एक दिन में 7,938 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 2 लाख 41 हजार 80 हो गई है। ब्राजील में संक्रमण के नए मामलों और मरने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है। संक्रमण के मामले में ब्राजील अमेरिका, रूस, स्पेन और ब्रिटेन के बाद पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है।

सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ प्रदर्शन करते राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के समर्थक। लोग लॉकडाउन प्रतिबंधों को लेकर प्रदर्शन कर रह हैं।

चीन: सात नए मामले
चीन में 24 घंटे में सात नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 11 मरीज ठीक हुए हैं। देश में एक हफ्ते से किसी की मौत नहीं हुई है। चीन के नेशनल हेल्थ कमिशन ने सोमवार को बताया कि सात नए मामलों में से चार बाहर से आए लोगों के है। चीन में बाहर से आए कुल 1704 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जिलिन प्रांत से दो, जबकि शंघाई से एक मामला सामने आया है। देश में 82,954 संक्रमित हो गए हैं, जबकि 4633 लोगों की मौत हो चुकी है।

द.अफ्रीका: शराब और सिगरेट की बिक्री पर प्रतिबंध

दक्षिण अफ्रीका में सात हफ्ते से लॉकडाउन लगा है। इस दौरान सरकार ने शराब और सिगरेट की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इससे अपराध को कम करने में मदद मिली है। देश में अब तक संक्रमण के 15 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 264 लोगों की मौत हो चुकी है।

केपटाउन में फ्री फूड के लिए लाइन में लगे लोग। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा कि उनका लक्ष्य प्रतिबंधों को और आसान बनाना है।

जर्मन: 300 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार
जर्मन पुलिस ने देश में लगे प्रतिबंधों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 300 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। वे सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। इनमें से दो फरार हो गए हैं। बर्लिन में शनिवार को 19 प्रदर्शन हुए और 21 रैलियों का आयोजन किया गया। प्रत्येक सभा में 50 से ज्यादा लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं थी। प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक अफसर को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।

जर्मनी में लॉकडाउन के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिला को हिरासत में लेती पुलिस। (फाइल फोटो)

इजराइल: संक्रमण के 9 नए मामले मिले
इजराइल में 24 घंटें के दौरान नौ नए मामले सामने आए हैं और चार लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक संक्रमण के 16,617 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 272 लोगों की जान जा चुकी है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पिछले गुरुवार को उन क्षेत्रों में स्कूलों को दोबारा खोलने की घोषणा की थी, जहां संक्रमण के मामले कम हैं। इसके बाद कुछ इलाकों में रविवार से स्कूल खोल दिए गए। इस दौरान साफ-सफाई के अलावा बच्चों के बीच शारीरिक दूरी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां 20 मई से लोगों को बीच पर जाने की अनुमति दी जाएगी।

पुर्तगाल: 31 मई तक आपातकाल बढ़ा
यूरोपीय देश पुर्तगाल में आपातकाल 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। मंत्रिपरिषद ने एक प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रीय आपातकाल को बढ़ाने की घोषणा की है। इस फैसले से देश में संक्रमण के प्रसार को कम करने और आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने में मदद मिलेगी। इस दौरान देश में संक्रमण की स्थिति के अलावा सामाजिक और आर्थिक स्थिति की समीक्षा करने के बाद ही आगे की रणनीति बनाई जाएगी। यहां 18 मार्च को पहली बार आपातकाल लागू किया गया था, जिसे अब तक दो बार बढ़ाया जा चुका है।

 

0 comments

Leave a Reply