दुनिया में अब तक 45.25 लाख संक्रमित और 3 लाख मौतें, चीन से पिछले एक महीने में एक भी मौत सामने नहीं आई

वॉशिंगटन. दुनिया में करोनावायरस से अब तक 45 लाख 25 हजार 240 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 17 लाख 3 हजार 808 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, मौतों का आंकड़ा 3 लाख 03 हजार 372 पर पहुंच गया है। चीन में पिछले एक महीने से एक भी मौत नहीं हुई हैं।

हालांकि, संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। वुहान में शनिवार को 11 नए मामले सामने आए। यहां के सिटी म्युनिसिपल हेल्थ कमीशन ने बताया कि यह मामले शहर में अलग-अलग डिस्ट्रिक्ट से सामने आए हैं।

हाल ही में वुहान के सभी नागरिकों की जांच की शुरूआत की गई थी। इस शहर की आबादी 1 करोड़ 10 लाख है। कमीशन के मुताबिक, 13 मई को यहां 67 हजार 26 लोगों की जांच की गई थी। वुहान शहर में अब तक 50 हजार संक्रमित मिले हैं और 3 हजार 869 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही जिलिन प्रांत में भी चार लोग पॉजिटिव मिले हैं। नए मामले सामने आने के बाद यहां पर संक्रमण दोबारा फैलने की चर्चा तेज हो गई है।

 
वर्ल्ड बैंक ने भारत को 7500 करोड़ रु. का सोशल प्रोटेक्शन पैकेज दिया

बैंक ने भारत को 1 अरब डॉलर( करीब 7500 करोड़ रुपए) का सोशल प्रोटेक्शन पैकेज देने का एलान किया। यह रकम भारत में कोरोना से जुड़े काम के लिए चलाई जा रही भारत सरकार की योजनाओं पर खर्च की जाएगी। विश्व बैंक भारत के साथ स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और एमएसएमई( छोटे, लघु और मध्यम उद्योग) के क्षेत्र में साथ काम करेगा। बैंक के भारत के निदेशक जुनैद अहमद ने शुक्रवार को कहा था कि सोशल डिस्टेंसिंग से भारत की अर्थव्यवस्था में मंदी आई है। सरकार गरीबों की मदद के लिए गरीब कल्याण योजना चला रही है। अर्थव्यवस्था को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश हो रही है।


फ्रांस में मौतों का आंकड़ा स्पेन से ज्यादा
फ्रांस में मौतों का आंकड़ा स्पेन से ज्यादा हो गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यहां पिछले 24 घंटे में 351 लोगों की जान गई है। इसके साथ मौतों का आंकड़ा 27 हजार 425 हो गया है। मंत्रालय ने कहा कि संक्रमण अभी भी देश में फैल रहा है। फ्रांस संक्रमण से मौतों के मामले में अमेरिका, ब्रिटेन और इटली के बाद दुनिया में चौथे नंबर पर है। वहीं, स्पेन में अब तक 27 हजार 321 मौतें हुई हैं और 2 लाख 72 हजार 746 संक्रमित हैं।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में ट्रोकेडारो गार्डन में शनिवार को धूप सेंकते लोग। यहां सरकार ने लॉकडाउन में राहत दी है।


ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 2 लाख से ज्यादा हुई

ब्राजील में संक्रमण तेजी से बढ़ने के बावजूद राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने कहा कि लॉकडाउन से देश टूटने की राह पर है। कई राज्यों के गवर्नर की ओर से लगाई गई पाबंदियां ब्राजील को गरीबों का देश बना रही हैं। ब्राजील में पिछले 24 घंटे में 7 हजार 7 नए मामले सामने आए हैं। इससे संक्रमितों की संख्या 2 लाख 3 हजार 165 हो गई है। यहां अब तक 13 हजार 999 मौतें हुई हैं। संक्रमण के मामले में यह दुनिया का छठा सबसे प्रभावित देश बन गया है। इसके बावजूद राष्ट्रपति बोल्सोनारो लगातार देश से लॉकडाउन हटाने की बात कह रहे हैं।

ब्राजील के साओ पाउलो में ताबूतों को रखने ले जाते मजदूर। यहां अब तक 13 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 14,57,593 86,912 3,18,027
स्पेन 2,72,646 27,321 1,86,480
रूस 2,52,245 2305 53,530
ब्रिटेन 2,33,151 33,614 उपलब्ध नहीं
इटली 2,23,096 31,368 1,15,288
ब्राजील 2,03,165 13,999 79,479
फ्रांस 1,78,060 27,074 58,673
जर्मनी 174,975 7,928 1,50,300
तुर्की 1,44,749 4,007 1,04,030
ईरान 1,14,533 6,854 90,539

ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

मैक्सिको में 24 घंटे में 257 मौतें

 मैक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में यहां 257 मौतें हुई हैं और 2 हजार 409 मामले सामने आए हैं। देश में पहली बार है जब संक्रमितों की संख्या एक ही दिन में 2 हजार से ज्यादा हुई है। अब तक देश में 42 हजार 595 संक्रमित मिले हैं और 4 हजार 477 मौतें हुई हैं। देश की असिस्टेंट हेल्थ सेकरेट्री हुगो लोपेज ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि देश का यह सबसे कठिन दौर है।

मैक्सिको के कब्रिस्तान में शव दफनाने के लिए गड्‌ढे खोदते कर्मचारी। मृतक के परिजन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पीछे खड़े हैं।


पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी रिक ब्राइट ने ट्रम्प की आलोचना की

अमेरिका के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी रिक ब्राइट ने कहा है कि देश की राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नेतृत्व वाली सरकार संक्रमण रोकने के लिए समुचित काम नहीं कर सकी। सरकार देश में समय से दवाएं नहीं बांटी गई। आने वाला सर्दी का मौसम देश के आधुनिक इतिहास में सबसे काला समय होगा। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 27 हजार 367 नए मामले सामने आए हैं और 1 हजार 779 मौतें हुई हैं। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक न्यूयॉर्क सबसे प्रभावित राज्य है। यहां पर अब तक 3 लाख 43 हजार 51 संक्रमित मिले हैं और 27 हजार 641 मौतें हुई हैं।

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मस्जिद में जाने से पहले बच्चे पर डिसइनफेक्टेंट का छिड़काव करते कर्मचारी।

बांग्लादेश के शरणार्थी शिविर में पहला संक्रमित मिला

बांग्लादेश के शरणार्थी शिविर में पहला मामला सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र ने बांग्लादेश सरकार के हवाले से बताया कि कॉक्स बाजार के शरणार्थी शिविर में गुरुवार को एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इसके साथ ही शिविर के पास रहने वाला एक अन्य व्यक्ति भी संक्रमित मिला। इस शिविर में करीब 10 लाख शरणार्थी रहते हैं जो पड़ोसी देश म्यांमार से पलायन कर पहुंचे हैं। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक देश में अब तक 18 हजार 863 लोग संक्रमित मिले हैं और 283 मौतें हुई हैं।

जर्मनी के लिपजिग एयरपोर्ट पर शुक्रवार को कार्गो प्लेन से सामान उतारते कर्मचारी। यह प्लेन चीन से पीपीई किट लेकर पहुंचा था।


जर्मनी में वायरस प्रजनन दर घटा
जर्मनी में वारयरस प्रजनन दर 0.81 से घटकर 0.75 हुआ है। यहां रॉबर्ट कोच इंस्टीट्यूट ने इसकी जानकारी दी। इंस्टीट्यूट ने कहा कि प्रजनन दर में आई गिरावट मामलूी है लेकिन हमें उम्मीद है कि इसमें और कमी आएगी। प्रजनन दर को आर वैल्यू भी कहा जाता है। अगर यह 1 हो तो इसका मतलब है कि एक संक्रमित दूसरे एक व्यक्ति में संक्रमण फैला रहा है। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने बार बार कहा है कि अगर इसका स्तर ऊपर जाता है तो देश के स्वास्थ्य प्रणाली की चिंता बढ़ेगी। 

ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के एक रेस्तरां शुक्रवार को  खाना खाते लोग। यहां सरकार ने लॉकडाउन में राहत दी है।

ऑस्ट्रेलिया ने लॉकडाउन में राहत दी
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार से सिडनी में लॉकडाउन में राहत दी है। कुछ समुद्री तटों, पब्स और रेस्तरां खोले गए हैं। यहां पर अब ज्यादा से ज्यादा 10 लोगों को एक साथ जुटने की इजाजत दी गई है। हालांकि अधिकारियों ने हिदायत दी है कि वे सुरक्षा उपायों का पालन करें। ऑस्ट्रेलिया में अब तक 7 हजार 19 संक्रमित मिले हैं। इनमें से 3 हजार 71 सिर्फ सिडनी से हैं।

अर्जेंटीना में पिछले 24 घंटे में 255 नए मामले
अर्जेंटीना में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 255 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब संक्रमितों की संख्या 7 हजार 134 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में नौ मौतों भी हुई हैं, जिससे मरने वालों की संख्या 393 पहुंच गई है।

 

0 comments

Leave a Reply