सऊदी अरब ने 'ग्लोबल हार्मोनी इनिशिएटिव' लॉन्च किया: विभिन्न संस्कृतियों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देने की पहल
सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहैल एजाज़ खान कार्यक्रम में हुए शामिल, कहा ,"यह एक बेहद सकारात्मक और सराहनीय कदम है "।
रियाद: (अशरफ़ अली बस्तवी, एशिया टाइम्स न्यूज़) सऊदी अरब के मीडिया मंत्रालय ने बुधवार रात रियाद में एक विशेष कार्यक्रम के दौरान अपने नए 'ग्लोबल हार्मनी इनिशिएटिव' की आधिकारिक शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य सऊदी अरब में रह रही विभिन्न देशों और संस्कृतियों के बीच सद्भाव और एकता को बढ़ावा देना है।
मीडिया मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुलरहमान मजारशी ने की शिरकत
कार्यक्रम के बाद, मीडिया को जानकारी देते हुए मीडिया मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुलरहमान मजारशी ने बताया कि इस पहल के तहत गतिविधियाँ सुएदी पार्क में जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के सहयोग से आयोजित की जा रही हैं।
मीडिया मंत्रालय ने यह कार्यक्रम 'क्वालिटी ऑफ लाइफ प्रोग्राम', 'सऊदी विजन 2030' और 'जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी' के सहयोग से पेश किया। इसका मकसद सऊदी अरब में अलग-अलग देशों के बीच सकारात्मक संबंधों को बढ़ावा देना और उनकी संस्कृति को उजागर करना है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य सऊदी समाज में विभिन्न संस्कृतियों को मिलाकर व्यावसायिक सफलताओं, सामाजिक और मनोरंजक गतिविधियों, और आर्थिक भागीदारी को सामने लाना है।
सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहैल एजाज़ खान कार्यक्रम में शामिल हुए

लॉन्च इवेंट मोवेनपिक होटल में आयोजित किया गया, जहाँ प्रसिद्ध एंकर फातिमा फहद ने मेज़बानी की। कार्यक्रम के दौरान एक वीडियो प्रेजेंटेशन पेश किया गया, जिसमें 'ग्लोबल हार्मनी इनिशिएटिव' के प्रमुख संदेशों को उजागर किया गया। इन संदेशों में इस बात पर ज़ोर दिया गया कि "कोई भाषा या संस्कृति हमें विभाजित नहीं करती, सऊदी अरब आपका घर है और यहाँ के लोग आपके अपने लोग हैं।" भारतीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए उन्होंने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह एक बेहतरीन कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य प्रवासियों और सऊदी समाज के बीच संबंधों को मज़बूत करना है। यह एक बेहद सकारात्मक और सराहनीय कदम है।
उन्होंने यह भी बताया कि सऊदी अरब में 2.6 मिलियन भारतीय रह रहे हैं, जो यहाँ की सबसे बड़ी प्रवासी समुदाय है। यह कार्यक्रम उन्हें अपने देश जैसा महसूस कराने और सऊदी अरब में सम्मान और अपनापन पैदा करने में मदद करेगा।
सऊदी अरब की 2022 की जनगणना के अनुसार, देश में लगभग 13 मिलियन प्रवासी रहते हैं, जो कुल आबादी का लगभग 40 प्रतिशत हैं।

0 comments