प्रियंका गांधी बोलीं- गाजा में नरसंहार पर भारत सरकार खामोश:इजराइल ने 60 हजार लोगों को मारा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को गाजा में हुई हत्याओं की कड़ी निंदा की और इजराइल पर ‘नरसंहार’ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि इजराइल ने गाजा में 60 हजार से ज्यादा लोगों की हत्या की है, जिनमें 18,430 बच्चे शामिल हैं।
उन्होंने भारत सरकार पर आरोप लगाया कि वह फिलिस्तीनी लोगों की पीड़ा पर चुप है, जबकि इजराइल नागरिकों पर तबाही बरपा रहा है।
भारत में इजराइल के राजदूत रूवेन अजार ने प्रियंका गांधी के सवालों के जवाब में कहा कि यह गलत बयान है। वहां आम लोगों के मौत की वजह हमास है।
प्रियंका बोलीं- गाजा में भुखमरी के खतरे में लाखों लोग
वायनाड सांसद प्रियंका ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि गाजा में सैकड़ों लोगों की मौत भूख से हुई है और लाखों लोग भुखमरी के खतरे में हैं।
उन्होंने गाजा में अल जजीरा के 5 पत्रकारों की टारगेट किलिंग को ‘जघन्य अपराध’ बताया। एक अन्य पोस्ट में प्रियंका ने लिखा कि चुप्पी के जरिए ऐसे अपराधों को बढ़ावा देना भी अपराध है।
उन्होंने भारत सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह शर्मनाक है कि वह तब भी चुप है जब इजराइल फिलिस्तीन के लोगों पर कहर बरपा रहा है।

इजराइली राजदूत बोले- 25 हजार हमास आतंकी मारे प्रियंका के आरोपों का जवाब देते हुए भारत में इजराइली राजदूत रूवेन ने कहा कि इजराइल ने 25 हजार हमास आतंकवादियों को मार गिराया है। उन्होंने आम नागरिकों की मौतों के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया।
राजदूत ने कहा कि आम लोगों के मौत की बड़ी वजह हमास की घिनौनी रणनीति का नतीजा है। उसके आतंकी आम लोगों के पीछे छिपते हैं और लोगों को भागने या मदद लेने से रोकता है।
रूवेन ने दावा किया कि इजराइल ने गाजा में 20 लाख टन भोजन पहुंचाया, लेकिन हमास ने इसे जब्त करने की कोशिश की, जिससे भुखमरी बढ़ी।
उन्होंने नरसंहार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पिछले 50 साल में गाजा की आबादी 450 फीसदी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि लोगों को हमास के आंकड़ों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
courtesy:www.bhaskar.com

0 comments