प्रेस क्लब ऑफ इंडिया का पहला त्रिदिवसीय पुस्तक मेला आज से

पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर संगोष्ठी और गोलमेज चर्चा भी होंगी

नई दिल्ली: (प्रेस विज्ञप्ति) प्रेस क्लब ऑफ इंडिया पहली बार 28 फरवरी से 2 मार्च तक अपने परिसर में साहित्यिक मेला और पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। यह तीन दिवसीय आयोजन साहित्य, पत्रकारिता और पुस्तकों के प्रेमियों के लिए एक शानदार अवसर होगा। प्रेस क्लब के अध्यक्ष गौतम लहरी ने सभी सदस्यों, उनके परिवारों और मित्रों को इस साहित्यिक व सांस्कृतिक उत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।

इस मेले की विशेष बात प्रेस क्लब के सदस्यों द्वारा लिखी गई पुस्तकों की प्रदर्शनी होगी। इसके अलावा, पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर संगोष्ठी और गोलमेज चर्चा का भी आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कई नई पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।

साहित्य के साथ-साथ यह मेला खान-पान का अनूठा अनुभव भी प्रदान करेगा, जिसमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी। प्रतिभागियों को भारत के विविधतापूर्ण व्यंजनों का प्रामाणिक स्वाद चखने का अवसर भी मिलेगा।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ने सभी ज्ञान और संस्कृति प्रेमियों से अपील की है कि वे इस बौद्धिक और सांस्कृतिक उत्सव में हमारे साथ सम्मिलित हों।

0 comments

Leave a Reply