प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने ‘मीडिया पारदर्शिता विधेयक, 2024’ का मसौदा भूपिंदर सिंह हुड्डा को सौंपा

नई दिल्ली, 8 जुलाई 2025

भारतीय मीडिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने ‘मीडिया पारदर्शिता (एवं जवाबदेही) विधेयक, 2024’ का मसौदा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा को सौंपा। यह विधेयक मीडिया के स्वामित्व, सरकारी दबाव, एकाधिकार और पत्रकारों की स्वतंत्रता जैसे ज्वलंत मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है।

हुड्डा के साथ आयोजित बैठक में क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इस विधेयक की मुख्य विशेषताओं को साझा किया और आग्रह किया कि इसे संसद में उठाया जाए। श्री हुड्डा ने विधेयक के उद्देश्यों का समर्थन करते हुए प्रेस क्लब को आश्वस्त किया कि वे संसद एवं अन्य लोकतांत्रिक मंचों पर इसकी पैरवी करेंगे।


मीडिया की मौजूदा चुनौतियों को रेखांकित करता है विधेयक


प्रस्तावित विधेयक में निम्नलिखित प्रमुख चिंताओं को शामिल किया गया है:


मीडिया स्वामित्व में पारदर्शिता की कमी


मीडिया समूहों का बढ़ता एकाधिकार


सरकारी विज्ञापनों के वितरण में पक्षपात और वित्तीय दबाव


पत्रकारों पर राज्य एवं गैर-राज्य शक्तियों द्वारा दमनात्मक कार्रवाइयां

पत्रकारों की डिजिटल निजता पर चिंता


बैठक के दौरान प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने श्री हुड्डा को यह भी अवगत कराया कि देश भर के 22 प्रेस संगठनों और 1000 से अधिक पत्रकारों ने ‘डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023’ की कुछ प्रतिबंधात्मक धाराओं के खिलाफ हस्ताक्षर किए हैं। यह अधिनियम 2023 में संसद से पारित हुआ था, पर पत्रकार समुदाय का मानना है कि इससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और खोजी पत्रकारिता पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।यह संयुक्त ज्ञापन केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा जा चुका है।


बैठक में प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद


यह महत्वपूर्ण बैठक प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष गौतम लाहिड़ी की अध्यक्षता में हुई।इस अवसर पर उपाध्यक्ष संगीता बड़ुआ पिशारोटी, महासचिव नीरज ठाकुर, कोषाध्यक्ष मोहित राज दुबे, संयुक्त सचिव अफ़ज़ल इमाम, और कार्यकारिणी सदस्य अशरफ अली बस्तवी एवं रवींद्र कुमार भी मौजूद रहे।

0 comments

Leave a Reply