पहलगाम हमला–सरकार ने सुरक्षा में चूक मानी:सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने कहा- आतंकी कैंप नष्ट करें; राहुल बोले- केंद्र के हर एक्शन को समर्थन
केंद्र सरकार ने गुरुवार को माना कि पहलगाम हमले में सुरक्षा में चूक हुई है। सर्वदलीय बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि आईबी और गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने मीटिंग में विपक्षी नेताओं को सुरक्षा में हुई चूक के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान विपक्ष ने कहा कि वे सरकार के साथ हैं। विपक्षी सांसदों ने आतंकी कैंपों को नष्ट करने की मांग की। कहा की सरकार आतंक के खिलाफ कड़े कदम उठाए।
सर्वदलीय बैठक के बाद राहुल गांधी ने बताया कि हर एक्शन पर सरकार को पूरा सपोर्ट है। सर्वदलीय बैठक दो घंटे चली। बैठक में पहलगाम हमले में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
पहलगाम के नजदीक बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आतंकियों ने 26 टूरिस्ट की हत्या कर दी थी। इनमें एक नेपाली नागरिक शामिल था। 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

पहलगाम हमले पर दिनभर के 10 बड़े अपडेट्स
- राहुल गांधी शुक्रवार को कश्मीर के अनंतनाग जाएंगे। वहां हमले में घायल हुए लोगों से मिलेंगे।
- भारत ने गुरुवार दोपहर INS सूरत युद्धपोत से मिसाइल की टेस्टिंग की। टेस्टिंग सफल रही। सतह से समुद्र पर हमला करने का सफल परीक्षण किया गया।
- वायुसेना युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। इसे आक्रमण नाम दिया गया है। इसमें अंबाला (हरियाणा) और हाशीमारा (पश्चिम बंगाल) की दो राफेल स्क्वॉड्रन हिस्सा लेंगी।
- विदेश मंत्रालय ने जर्मनी, जापान समेत कई देशों के राजदूतों को बुलाया। बैठक में पहलगाम हमले की जानकारी दी।
- रूसी मीडिया रशिया टुडे (RT) ने मौजूदा हालातों को देखते हुए दावा किया है कि भारत कुछ बड़ा करने वाला है।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें पहलगाम हमले की जानकारी दी।
- भारत सरकार के अटारी बॉर्डर बंद करने के ऐलान के बाद वीजा लेकर भारत आए पाकिस्तानी नागरिक पंजाब के अटारी चेक पोस्ट से वापस लौटना शुरू गए।
- केंद्र सरकार ने पाकिस्तान सरकार के X हैंडल को भारत में बैन कर दिया है।
- अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी करके अपने नागरिकों को जम्मू-कश्मीर न जाने की सलाह दी है।
- श्रीनगर के दुकानदारों ने पहलगाम हमले के विरोध में काले झंडे लगाए।


0 comments