ओवैसी ने तेलंगाना पुलिस से बकरीद पर पशु व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने का आग्रह किया

ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद, साइबराबाद, रचकोंडा समेत कई जगहों पर असामाजिक तत्व माहौल ख़राब करने की कोशिश करेंगे। गौ-रक्षक ईद पर बैलों और भैंसों का व्यापार करने वालों को निशाना बनाते हैं।

हैदराबाद : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना पुलिस चीफ़ से आग्रह किया है कि ईद-उल-अज़हा पर पशु व्यापारियों के उत्पीड़न को रोका जाए। हर साल इद-उल-अज़हा पर पशु व्यापारियों और वाहकों को गौ-रक्षकों, पुलिस कर्मियों और अन्य अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।

ओवैसी ने कहा कि हैदराबाद, साइबराबाद, रचकोंडा समेत कई जगहों पर असामाजिक तत्व माहौल ख़राब करने की कोशिश करेंगे। गौ-रक्षक ईद पर बैलों और भैंसों का व्यापार करने वालों को निशाना बनाते हैं।

ओवैसी ने पुलिस डायरेक्टर जनरल एम. महेंद्र रेड्डी को ख़त लिखकर उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने की गुज़ारिश की है। उनकी मांग है कि हैदराबाद, साइबराबाद, रचकोंडा और अन्य क्षेत्रों के पुलिस कमिश्नरों को आदेश दे दिया जाए कि वे ईद पर बैलों और भैसों के आवागमन को न रोकें।

AIMIM महासचिव और विधायक सैयद अहमद पाशा कादरी और एमएलसी सैयद अमीन उल हसन जाफरी ने मंगलवार को ओवैसी की ओर से डीजीपी को अभ्यावेदन सौंपा।

अपने ख़त में ओवैसी ने बताया कि ईद के दौरान मुसलमान तीन दिनों तक बकरे, भेड़ और बैल की कुर्बानी देते हैं. परंपरागत रूप से, बकरीद की पूर्व संध्या पर हजारों भेड़ और बकरियां और सैकड़ों बैल हैदराबाद और अन्य मुख्य कस्बों और शहरों में बिक्री के लिए लाए जाते हैं। तेलंगाना राज्य के 44 लाख मुसलमानों में से लगभग 50 प्रतिशत ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) क्षेत्र में रहते हैं।

मुसलमानों का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार ईद-उल-अज़हा या बकरीद 21 जुलाई को मनाया जाना है।

 

0 comments

Leave a Reply