आएशा ख़ान के सम्मान में The Hind Guru Academy में कार्यक्रम ; 720 में से 622 अंक लाकर एकेडमी का नाम किया रौशन
आर्थिक रूप से कमज़ोर मगर प्रतिभावान बच्चों को सफलता का दरवाज़ा दिखाना हमारा लक्ष्य / नूर नवाज़ ख़ान
नयी दिल्ली : द हिंद गुरू ऐकेडमी, अबुल फज़ल एन्क्लेव, नई दिल्ली में रविवार को आएशा ख़ान के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आएशा ख़ान ने इस साल NEET की परीक्षा में 720 में से 622 अंक लाकर अपने परिवार, क्षेत्र और एकेडमी का नाम रौशन किया है।
न्यूज़ पोर्टल www.watansamachar.com की रिपोर्ट के मुताबिक मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2021 में द हिंद गुरू एकेडमी के क़रीब 50 बच्चे शामिल हुए थे। इनमे एक दर्जन से ज़्यादा ने सरकारी मेडिकल और डेंटल कालेजों में दाख़िला सुनिश्चित किया है।
महज़ एक साल पहले स्थापित हुई एकेडमी के लिए यह काफी अच्छा रिज़ल्ट है। इसका एक कारण यह भी है कि एकेडमी -Hind Guru Academy में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे सामान्य या कमज़ोर पृष्ठभूमि के हैं।

आएशा ख़ान ने अपने पहले ही प्रयास में 622 अंक स्कोर किए। अखिल भारतीय स्तर पर उनकी रैंक 10688 है और उनको राजकीय मेडिकल कालेज, नागपुर में MBBS में दाख़िला मिला है। आएशा ख़ान मेहनत और समर्पण के साथ लक्ष्य हासिल करने की एक मिसाल हैं।
उन्होंनें पारिवारिक दिक़्क़त या अपनी कमज़ोरियों को तैयारी पर हावी नहीं होने दिया। जिस तरह पहले ही प्रयास में उन्होंने मेरिट में स्थान बनाया वह क़ाबिले तारीफ है।
द हिंद गुरू एकेडमी-Hind Guru Academy में तैयारी कर रहे छात्रों को संबोधित करते हुए आएशा ने कहा कि अगर लगन हो तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं है। उन्होंने अपनी छोटी-छोटी कमज़ोरियों को दूर किया और अखिल भारतीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा पास कर ली।
इस मौक़े पर एकेडमी के संस्थापक नूर नवाज़ ख़ान ने कहा कि द हिंद गुरू एकेडमी का मिशन कमज़ोर से कमज़ोर तबक़े के प्रतिभावान बच्चों को सफलता का दरवाज़ा दिखाना है।
वह लगातार कोशिश कर रहे हैं कि ज़्यादा से ज़्यादा बच्चों के इतने नंबर आ जाएं कि उनको निजी संस्थानों में कैपिटेशन, डोनाशन या भारी भरकम फीस न चुकानी पड़े। वह चाहते हैं उनके सभी छात्र अच्छे नंबर लाएं और सरकारी मेडिकल कालेज में स्थान पाएं। इस मौक़े पर एकेडमी के तमाम शिक्षक और छात्र भी उपस्थित थे।

0 comments