यमुना विहार में मुस्लिम परिवार पर हमला, 11 घायल

नई दिल्ली : रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि यमुना विहार इलाके में एक मुस्लिम परिवार को उनके घर में घुसकर पीटा गया है।

शादाब ख़ान

नई दिल्ली : रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि यमुना विहार इलाके में एक मुस्लिम परिवार को उनके घर में घुसकर पीटा गया है।

रोज़नामा अख़बार नामक न्यूज़ पोर्टल के अनुसार जिस व्यक्ति के परिवार पर हमला किया गया उसका नाम यामीन ख़ान है। इस हमले में बच्चों व औरतों समेत 11 लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार हमला करने वाली भीड़ की अगुवाई विपिन नाम का शख़्स कर रहा था।

हमले के बाद जमियत-उलेमा-ए-हिंद के प्रतिनिधियों ने परिवार से जाकर मुलाक़ात की और उनको अपना समर्थन ज़ाहिर किया। परिवार ने जमियत के प्रतिनिधियों को बताया कि उनकी मुस्लिम पहचान की वजह से उनपर हमला हुआ है।

परिवार ने यह भी बताया कि गली का गेट बंद था लेकिन भीड़ गेट को तोड़ते हुए अंदर घुस आई। गेट पर बैठे गार्ड ने भीड़ को रोकने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने उसकी भी पिटाई की। इसके बाद भीड़ ने यामीन ख़ान के घर में घुसकर परिवार वालों को पीटना शुरू कर दिया। घर की औरतों के साथ बदसलूक़ी भी की गई।

मामले को लेकर जमियत प्रतिनिधियों ने डीसीपी समेत कई शीर्ष पुलिस अधिकारियों से संपर्क साधा। पुलिस के अनुसार इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और विपिन को गिरफ़्तार कर लिया गया है।

दिल्ली दंगो के दौरान यमुना विहार सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ो में से एक था।

0 comments

Leave a Reply