Mumbai Fire: आधी रात को पब में लगी आग में 14 लोगों की मौत
Mumbai Kamala Mills Fire LIVE: मध्य मुंबई की एक इमारत में स्थित पब में जन्मदिन के उत्सव के दौरान आधी रात के बाद आग लगने की घटना में 11 महिलाओं समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जिससे जश्न का पूरा माहौल मातम में तब्दील हो गया। अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने के कारण हुई। अधिकारी ने बताया कि लोअर परेल इलाके में स्थित एक व्यावसायिक परिसर की तीसरी मंजिल पर एक होटल की छत पर आग लग गई। घटना में 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शहर के व्यावसायिक इलाके सेनापति बापट मार्ग पर स्थित कमला मिल्स परिसर में ट्रेड हाउस बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर बने वन एबॉव पब में रात करीब साढ़े 12 बजे यह हादसा हुआ।’’
अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग की टीमें एवं पुलिस मौके पर पहुंची और पब के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया, ‘‘दमकल विभाग के कर्मचारियों ने होटल के अंदर फंसे कम से कम 35 घायलों को बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले भेज दिया गया।’’ उन्होंने बताया, ‘‘उपचार के दौरान 11 महिलाओं समेत 14 लोगों ने दम तोड़ दिया। अधिकतर पीड़ितों की मौत दम घुटने के कारण हुई थी।’’ उन्होंने बताया कि 21 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हृतेष संघवी, जिगर संघवी और पब चलाने वाले सी ग्रेड हॉस्पिटैलिटी के अभिजीत मानका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि एन एम जोशी मार्ग पुलिस थाना ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है और इनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
– कमला मिल्स आग मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका के पांच अधिकारियों को किया गया सस्पेंड।
– लोकसभा में शुक्रवार को भाजपा और शिवसेना सदस्यों ने मुंबई में लोअर परेल इलाके के कमला मिल परिसर में लगी आग का मुद्दा उठाया । भाजपा सदस्य ने इस मामले में ऐसे परिसरों की अग्नि सुरक्षा आॅडिट कराने और बीएमसी के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, शिवसेना सदस्य ने इस घटना की ‘न्यायिक जांच’ कराने की मांग की। शून्यकाल के दौराल भाजपा के किरीट सोमैया ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार बृहणमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के भ्रष्ट अधिकारियों और परिसर के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि परिसर में अवैध निर्माण हुआ था जो हादसे की वजह बना।
वहीं, शिवसेना सदस्य अरविंद सावंत ने घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा, ‘‘ये बड़े लोगों के होटल हैं।’’ इसलिए इसकी न्यायिक जांच कराई जाए। उन्होंने दावा किया कि यह किसी आयुक्त (कमिश्नर) के बेटे का है।
सावंत ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवदेना जाहिर की और मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी ।
– लोकसभा में कमला मिल्स आग को लेकर बीजेपी सांसद किरीट सोमैया और शिवसेना सांसद अरविंद सावंत के बीच बहस हुई।
– शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा में कमला मिल्स में लगी आग की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
– राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं कमला मिल्स जा चुकी हूं। वह कंपाउंड एक भूल भुलैया जैसा है, वहां की गलियां काफी संकरी हैं। ऐसे में जाहिर सी बात है कि वहां पर सुरक्षा को लेकर चीजों को नजरअंदाज किया गया है।”
– केईएम हॉस्पिटल में फोरेंसिक डिपार्टमेंट के हेड डॉक्टर हरीश पाठक ने बताया कि अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने की वजह से हुई। मृतकों में से किसी की भी मौत आग में जलने से नहीं हुई बल्कि धुंए में दम घुट जाने से हुई। उन्होंने कहा कि अगर वहां से निकलने की उचित व्यवस्था होती तो इन मौतों को रोका जा सकता था।
– केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने कमला मिल्स में लगी आग को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बात की है।
– महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आग लगने की घटना पर दुख व्यक्त किया है। फडणवीस ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई के कमला मिल्स में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे सुनकर व्यथित हूं। घटना में कई लोगों की जान चली गई। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बीएमसी आयुक्त को इस संबंध में गहन जांच का निर्देश देता हूं।’’ एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त (अजय मेहता) को दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
– भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई के कमला मिल्स परिसर स्थित पब में आग लगने की घटना को लेकर मैंने मुख्यमंत्री एवं बीएमसी आयुक्त से अनुरोध किया है कि वे देखें कि ऐसे पब, हुक्का पार्लर एवं मुंबई के फार्सन मार्ट/वर्कशॉप्स में ऐसे हादसों से बचने के पुख्ता इंतजाम हैं या नहीं। दो सप्ताह पहले कुछ इसी तरह की घटना में फार्सन वर्कशॉप साकीनाका में आग लगने के कारण कई लोग मारे गए थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि कमला मिल्स में ऐसे कई प्रतिष्ठान अवैध हैं, इनमें से कुछ को बाद में नियमित कर दिया गया और जहां आग लगने की घटना हुई वह गैरकानूनी तरीके से बना था।’’
– राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के एक पब में लगी भीषण आग में 14 लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “मुंबई में लगी आग की दुखद खबर मिली। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं तथा घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बचाव अभियान और दमकल विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करता रहता हूं।”
– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “मुंबई आग हादसे से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

0 comments