गौ तस्करी के शक में तीन मुसलमानों की हुई मॉब लिंचिंग
ज़ायद और बिलाल को भीड़ ने रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पीटना शुरु कर दिया. दूसरी तरफ़ सैफुल का पीछा करने वाली भीड़ ने उसे मुंगियाकामी गांव में पकड़ लिया और वहां उसकी हत्या कर दी.
अगरतला : रविवार को त्रिपुरा के खोवई ज़िले में एक भीड़ ने तीन मुसलमानों की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पीड़ितों का नाम ज़ायद हुसैन (28), बिलाल मियां (30) और सैफ़ुल इस्लाम (18) बताया जा रहा है.
तीनों युवक कथित तौर पर एक मिनी ट्रक में मवेशी ले जा रहे थे. भीड़ ने इनका पीछा किया और महारानीपुर गांव को पास इनकी गाड़ी को रोक लिया. ज़ायद और बिलाल को भीड़ ने धर दबोचा जबकि सैफ़ुल भीड़ से बचकर भाग निकला. हालांकि भीड़ ने सैफ़ुल को बाद में पकड़ लिया.
ज़ायद और बिलाल को भीड़ ने रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पीटना शुरु कर दिया. दूसरी तरफ़ सैफुल का पीछा करने वाली भीड़ ने उसे मुंगियाकामी गांव में पकड़ लिया और वहां उसकी हत्या कर दी.
पुलिस दोनों घटनास्थलों से पीड़ितों को अगरतला के गोविंद बल्लभपंत अस्पताल ले गई. अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.
ज़िला सुपरिटेंडेंट किरण कुमार ने कहा है कि पुलिस ने कल्याणपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. इस संबंध में जांच शुरू कर दी गई है.
कुमार ने यह भी कहा कि चंपाहौर थाने में मृतकों के खिलाफ तीन मवेशी चोरी करने के दो मामले दर्ज किये गए हैं.

0 comments