ईरान की बड़ी कामयाबी- प्रतिबंधों के बावजूद बनाई कोरोना वैक्सीन, ह्यूमेन ट्रायल शुरू
ईरान की बड़ी कामयाबी- प्रतिबंधों के बावजूद बनाई कोरोना वैक्सीन, ह्यूमेन ट्रायल शुरू
ईरान वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई कोरोना की वैक्सीन का पहला डोज़ स्वयं सेवियों को दिया गया। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार इमाम ख़ुमैनी के नाम से विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान करने वाली संस्था के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई कोविड-19 की वैक्सीन का, जिसे "कोविरान बरकत" नाम दिया गया है, मंगलवार को ह्यूमेन ट्रायल शुरू हो गया।
संस्था के प्रवक्ता हुज्जत मलिकी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से अनुमति मिलने के बाद ट्रायल के पहले चरण में कई स्वयं सेवियों को इस वैक्सीन का डोज़ दिया।
उन्होंने बताया कि अब तक 65 हज़ार से ज़्यादा स्वयं सेवियों ने स्वदेश निर्मित कोरोना वैक्सीन का डोज़ लेने के लिए अपनी तैयारी की घोषणा की है और पहले चरण में 56 लोगों को इस वैक्सीन का टीका दिया जाएगा। संस्था ने कहा है कि अगले छः महीने में कोरोना की ईरानी वैक्सीन के एक करोड़ बीस लाख डोज़ तैयार किए जाएंगे।
इस बीच ईरान में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या लगभग 55 हज़ार हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना से संक्रमण के 6,108 नए मामले सामने आए जिसके बाद देश में कोरोना के मरीज़ों की कुल संख्या 12 लाख 12 हज़ार 481 हो गई है। सीमा सादात लारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के कारण 132 लोगों की मौत हो गई।

0 comments