रियाद में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

रियाद: सऊदी अरब की राजधानी रियाद में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस भारतीय दूतावास द्वारा पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय समुदाय के सदस्यों, प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों, दूतावास अधिकारियों तथा किंगडम ऑफ सऊदी अरब में कार्यरत मीडिया प्रतिनिधियों सहित लगभग पाँच सौ लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल अजाज़ खान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन किया गया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राजदूत ने 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर माननीय राष्ट्रपति का देश और विदेश में रह रहे भारतीयों के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया।

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें शास्त्रीय और समकालीन नृत्य, देशभक्ति गीत तथा भावनात्मक प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं, जिन्होंने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रमों में भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित विशेष प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। इसके साथ ही राष्ट्रीय गीत के महत्व को उजागर करने वाला एक विशेष फोटो बूथ भी लगाया गया।

कार्यक्रम के अंत में राजदूत डॉ. सुहेल अजाज़ खान ने भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों और स्थानीय पत्रकारों से बातचीत की और उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं। पूरे आयोजन में देशभक्ति, एकता और भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

0 comments

Leave a Reply